पेट्रोल-डीजल बचाने से लेकर सोना खरीदने तक…PM मोदी की देशवासियों से एक बार फिर बड़ी अपील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार दूसरे दिन देशवासियों से सोने की खरीद कम करने और विदेशी मुद्रा बचाने की अपील की। गुजरात में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हमें ऐसे उत्पादों का उपयोग कम करना चाहिए जो विदेशों से आते हैं और उन कामों से भी बचना चाहिए जिनमें विदेशी मुद्रा ज्यादा खर्च होती है।
‘देशहित में निभाएं अपना दायित्व’
पीएम मोदी ने कहा कि हर भारतीय को अपने कर्तव्यों को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब-जब देश किसी युद्ध या बड़े संकट से गुजरा है, तब देशवासियों ने सरकार का साथ दिया है। प्रधानमंत्री ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि आज भी समय की जरूरत है कि हम मिलकर देश के संसाधनों पर पड़ने वाले बोझ को कम करें।
वर्चुअल मीटिंग और वर्क फ्रॉम होम पर दिया जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकारी और निजी दफ्तरों में वर्चुअल मीटिंग और वर्क फ्रॉम होम को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि खाने के तेल के आयात पर भी देश की बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा खर्च होती है। पीएम मोदी ने लोगों से ‘वोकल फॉर लोकल’ अपनाने की अपील करते हुए कहा कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना समय की मांग है।
तेलंगाना में भी की थी सोना खरीदने से बचने की अपील
इससे पहले रविवार को तेलंगाना में एक जनसभा के दौरान प्रधानमंत्री ने लोगों से देशहित में एक साल तक सोना खरीदने से बचने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि मिडिल ईस्ट में चल रहे संघर्ष का असर भारत की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ रहा है।
वडोदरा में सरदारधाम प्रोजेक्ट का उद्घाटन
सोमवार को पीएम मोदी गुजरात के वडोदरा पहुंचे। यहां अनखोल में उन्होंने सरदारधाम प्रोजेक्ट से जुड़ी कई योजनाओं का लोकार्पण किया। इस दौरान 150 करोड़ रुपए की लागत से बने ‘डॉ. दुष्यंत और दक्ष पटेल छात्रालय’ का उद्घाटन भी किया गया। इस छात्रावास में करीब 2,000 छात्र-छात्राओं के लिए शिक्षा और रहने की व्यवस्था की गई है।
सोमनाथ अमृत महोत्सव का भी किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में सोमनाथ मंदिर में मनाए जा रहे ‘सोमनाथ अमृत महोत्सव’ का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के 75 वर्ष पूरे होना किसी पुण्य पर्व से कम नहीं है।
चुनावी नतीजों पर भी बोले पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने बंगाल, असम और पुडुचेरी के चुनाव परिणामों का जिक्र करते हुए कहा कि इन नतीजों ने देशभर में उत्साह का माहौल बनाया है। उन्होंने कहा कि गुजरात ने हमेशा राजनीतिक स्थिरता को महत्व दिया है।











