Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

अनूपपुर में युवक ने परिवार के 4 लोगों पर किया हमला, नानी-नाना और मां समेत चार की मौत

अनूपपुर के अमोदा गांव में युवक ने परिवार के लोगों पर डंडे से हमला कर दिया। नानी, नाना, मां और मामा की बेटी समेत 4 लोगों की मौत हो गई जबकि 2 घायल हैं।
अनूपपुर में युवक ने परिवार के 4 लोगों पर किया हमला, नानी-नाना और मां समेत चार की मौत
अनूपपुर में युवक ने परिवार के 4 लोगों पर किया हमला

अनूपपुर। मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के अमोदा गांव में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से सनसनी फैल गई। पुलिस के मुताबिक 32 वर्षीय प्रेम सिंह गोंड ने शनिवार सुबह अपने परिवार के लोगों पर डंडे से हमला कर दिया। हमले में उसकी नानी भन्नी बाई गोंड, नाना संपत सिंह गोंड, मां अनूपिया बाई और मामा की बेटी मोनिका की मौत हो गई। घटना में आरोपी के मामा और उनकी दूसरी बेटी घायल हैं जिनका शहडोल अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।

कुछ समय से नाना-नानी के घर रह रहा था आरोपी

पुलिस के अनुसार प्रेम सिंह गोंड पिछले कुछ समय से अपनी मां के साथ अपने नाना-नानी के घर रह रहा था। शुक्रवार रात उसने गांव के मंदिर के पुजारी के साथ भी मारपीट की थी। इसके बाद ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और दोबारा किसी को नुकसान पहुंचाने से रोकने के लिए उसके हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए थे। रात की इस घटना के बाद गांव में स्थिति तनावपूर्ण रही। इसके बाद सुबह घर में हुई वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर दिया।

मां ने खोली रस्सी, फिर परिवार पर हमला

पुलिस के मुताबिक शनिवार सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच अनूपिया बाई ने प्रेम सिंह के हाथ-पैर में बंधी रस्सियां खोल दी थीं। इसके बाद उसने पास में रखे डंडे से घर के लोगों पर हमला कर दिया। हमले में उसकी नानी 70 वर्षीय भन्नी बाई गोंड, नाना 75 वर्षीय संपत सिंह गोंड और मां 50 वर्षीय अनूपिया बाई गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने अपने मामा और उनकी दो बेटियों पर भी हमला किया। इस घटना में तीनों घायल हुए और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

ये भी पढ़ें: कटनी के कुठला थाने में अधेड़ ने खुद को लगाई आग, 90% झुलसा, पत्नी से पूछताछ कर रही थी पुलिस

शहडोल अस्पताल में मोनिका की मौत

हमले में घायल मामा और उनकी दोनों बेटियों को उपचार के लिए शहडोल अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान मोनिका ने दम तोड़ दिया। वहीं, उसके मामा और उनकी दूसरी बेटी का उपचार जारी है। इस तरह इस वारदात में परिवार के कुल चार लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि दो लोग घायल हैं।

Featured News

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने संभाला मोर्चा

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम अमोदा गांव पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए और घटनास्थल तथा आसपास के इलाके की भी जांच की। मृतकों के शवों का पंचनामा तैयार कर पुलिस ने आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं और उपलब्ध साक्ष्यों को जांच में शामिल कर रही है।

ये भी पढ़ें: कटनी थाने में आग से झुलसे दलपत पटेल की मौत, पत्नी के आरोपों से गरमाया मामला

हमले के पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही पुलिस

पुलिस अब शुक्रवार रात मंदिर के पुजारी के साथ हुई मारपीट से लेकर शनिवार सुबह परिवार के सदस्यों पर हुए हमले तक के पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने परिवार के लोगों पर हमला किन परिस्थितियों में किया और इस वारदात के पीछे क्या वजह थी। फिलहाल पुलिस ने प्रेम सिंह गोंड को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। अमोदा गांव में हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत और शोक का माहौल है। एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से परिजन और ग्रामीण सदमे में हैं। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारण और पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Sumit  Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

Latest Posts