Shivani Gupta
21 Jan 2026
Shivani Gupta
21 Jan 2026
एंटरटेनमेंट डेस्क। शाहरुख खान अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘किंग’ को लेकर जबरदस्त सुर्खियों में हैं। जैसे ही निर्माताओं ने यह खुलासा किया कि यह फिल्म क्रिसमस 2026 पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी, फैंस की एक्साइटमेंट सातवें आसमान पर पहुंच गई। साल 2023 में आखिरी बार फिल्म ‘डंकी’ में नजर आए शाहरुख खान को दोबारा बड़े पर्दे पर देखने के लिए दर्शक लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच ‘किंग’ से जुड़ी एक बड़ी और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है, जो खास तौर पर अनिल कपूर से जुड़ी हुई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अनिल कपूर फिल्म ‘किंग’ में अपने करियर की सबसे बड़ी कुर्बानी देने जा रहे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, अनिल इस फिल्म में पहली बार पूरी तरह गंजे लुक में नजर आएंगे। यानी अपने सिग्नेचर हेयरस्टाइल और यंग लुक के लिए मशहूर अनिल कपूर इस बार अपने बालों की कुर्बानी देने वाले हैं। प्रोडक्शन से जुड़े सूत्रों की मानें तो फिल्म की कहानी के लिहाज से यह लुक बेहद जरूरी है। ‘किंग’ में अनिल कपूर, शाहरुख खान के किरदार के गुरु की भूमिका निभा रहे हैं। किरदार की गंभीरता और प्रभाव को दिखाने के लिए मेकर्स ने उन्हें इस बिल्कुल नए और अलग अवतार में पेश करने का फैसला किया है।
शाहरुख के जन्मदिन 2 नवंबर को इस एक्शन-थ्रिलर फिल्म की पहली झलक रिलीज की गई थी, जिसे फैंस से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। हालांकि, अभी फिल्म की सटीक रिलीज डेट का औपचारिक ऐलान बाकी है, लेकिन क्रिसमस 2026 को लेकर लगभग तस्वीर साफ मानी जा रही है।
इन सभी वजहों से ‘किंग’ को 2026 की सबसे बड़ी और बहुप्रतीक्षित फिल्मों में गिना जा रहा है। अब दर्शकों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि अनिल कपूर का यह नया लुक पर्दे पर कितना असर छोड़ता है और शाहरुख खान एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर ‘किंग’ बन पाते हैं या नहीं। बता दें कि शाहरुख और अनिल ने आखिरी बार साल 1995 में फिल्म ‘त्रिमूर्ति’ में साथ काम किया था। मुकुल के निर्देशन में बनी इस एक्शन-ड्रामा फिल्म में दोनों के साथ जैकी श्रॉफ भी अहम भूमिका में थे। इसके बाद करीब 30 साल तक शाहरुख और अनिल किसी फिल्म में एक साथ नजर नहीं आए। अब अगर ‘किंग’ में दोनों की जोड़ी फाइनल होती है, तो यह दर्शकों के लिए एक लंबे इंतजार के बाद बड़ा सिनेमाई रीयूनियन होगा।