बीमारी और आर्थिक तंगी से टूटा परिवार,पति-पत्नी ने दो बच्चों संग दी जान; सुसाइड नोट में लिखी आखिरी इच्छा

चित्तूर। आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी के साथ उनके दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि परिवार लंबे समय से आर्थिक संकट से जूझ रहा था, जबकि पत्नी गंभीर बीमारी के कारण लगातार इलाज करा रही थी। पुलिस को घटनास्थल से एक नोट भी मिला है, जिसने इस पूरे मामले को और दर्दनाक बना दिया है।
सुबह बहन पहुंची तो सामने आया भयावह मंजर
यह मामला बेंगारूरेड्डीपल्ली क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह करीब 6:15 बजे दामोदर की बहन अपने भाई के घर पहुंची थी। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर उसे शक हुआ। इसी दौरान उसने खिड़की से अंदर झांका तो दामोदर को छत के पंखे से लटका देखा। सूचना मिलने पर पड़ोसी मौके पर दरवाजा तोड़कर घर के भीतर पहुंचे। घर के अंदर का दृश्य देखकर सभी लोग सन्न रह गए। दामोदर की पत्नी निर्मला और उनके दोनों बच्चे बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़े मिले। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी गई।
वर्षों से बीमारी से जूझ रही थी निर्मला
पुलिस अधिकारियों के अनुसार निर्मला पिछले कई वर्षों से ब्रेन स्ट्रोक से जुड़ी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का सामना कर रही थीं। उनका इलाज तमिलनाडु के रानीपेट स्थित एक अस्पताल में चल रहा था। इलाज के बढ़ते खर्च और परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति ने हालात को और मुश्किल बना दिया था। जांच में यह भी सामने आया है कि परिवार लंबे समय से आर्थिक परेशानियों से गुजर रहा था। पुलिस का मानना है कि बीमारी और आर्थिक दबाव ने परिवार को मानसिक रूप से पूरी तरह तोड़ दिया था।
सुसाइड नोट में लिखी अंतिम इच्छा
पुलिस को घर से एक नोट मिला है। अधिकारियों के अनुसार नोट में दामोदर ने अपने बैंक खाते और एटीएम से जुड़ी जानकारी लिखी थी। साथ ही उसने अनुरोध किया था कि खाते में जमा रकम का उपयोग उसके और परिवार के अंतिम संस्कार के लिए किया जाए। पुलिस का कहना है कि फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। हालांकि शुरुआती जांच में मामला सामूहिक आत्महत्या का माना जा रहा है।












