ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

Amit Shah in MP : 30 से शुरू होंगे शाह के चुनावी दौरे, मालवा-निमाड़ से होगी शुरुआत

भोपाल। साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मध्य प्रदेश में दिग्गजों का जमावड़ा लगा हुआ है। 26 जुलाई के बाद अब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 30 जुलाई को एक बार फिर मध्य प्रदेश दौरे पर आने वाले हैं। इस दौरान वे इंदौर, बुरहानपुर और मंदसौर जाएंगे। इंदौर में बीजेपी के बूथ कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। बुरहानपुर की रेणुका कृषि उपज मंडी में महिला सम्मेलन होंगे शामिल। साथ ही मंदसौर जिले की पिपलिया मंडी में रोड शो करेंगे। गौरतलब है कि, अमित शाह विगत 15 दिनों में ही भोपाल दो बार आ चुके हैं।

इंदौर में बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन

इंदौर शहर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का कार्यक्रम कनकेश्वरी गरबा मैदान विधानसभा 2 में होगा। इस दौरान वे बीजेपी के बूथ कार्यकर्ता सम्मलेन में शामिल होंगे, साथ ही बूथ के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। मालवा-निमाड़ के साथ संभागीय आदिवासी सीटों को लेकर गहन मंथन होगा। पार्टी में असंतोष को लेकर भी होगी चर्चा। शहर और ग्रामीण भाजपा की बैठक में वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करेंगे। 72 घंटे की तैयारी में सबसे बड़ा बूथ सम्मलेन होगा।

बुरहानपुर की रेणुका कृषि उपज मंडी में महिला सम्मेलन

बुरहानपुर में गृह मंत्री अमित शाह के आगमन को लेकर प्रशासन और जनप्रतिनिधि तैयारियों में जुटे हुए हैं। यहां शाह जिले की रेणुका कृषि उपज मंडी में महिला सम्मेलन को संबोधित करेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री के दौरे को लेकर एसपी राहुल कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज लाधवे, पूर्व मंत्री अर्चना चिटनिस, महापौर माधुरी पटेल तैयारियों में जुटे हुए हैं।

मंदसौर में रोड शो, मिलेगी करोड़ों की सौगात

मंदसौर जिले के पिपलिया मंडी में गृह मंत्री अमित शाह रोड शो करेंगे। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मौजूद रहेंगे। पिपलिया मंडी में होने वाले कार्यक्रम के तहत अमित शाह सिंचाई परियोजना का भूमिपूजन करने के साथ ही किसान सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे। पिपलिया मंडी में होने वाले किसान सम्मेलन में 867 करोड़ की सिंचाई परियोजना सहित करोड़ों के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया जाएगा। इसके साथ ही किसानों के लिए अब तक केंद्र और शिवराज सरकार ने क्या-क्या किया और क्या करने वाले हैं, उसको लेकर भी किसानों को बताया जाएगा। गृह मंत्री के दौरे को लेकर संगठन ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं।

  • मंदसौर किसान आंदोलन का केंद्र रहा हैं, पिपलिया मंडी एक बार फिर से राजनीति का केंद्र बना हुआ है। पहले कांग्रेस की ओर से प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ ने यहां पर रोड शो और किसान सम्मेलन को संबोधित किया था।
  • अब भाजपा यहां पर एक बड़ा किसान सम्मेलन आयोजित करने जा रही है। सम्मेलन को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान संबोधित करेंगे।
  • भाजपा जिलाध्यक्ष नानालाल अटोलिया ने बताया कि पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का 2 अगस्त को पिपलियामंडी दौरा था। लेकिन, गृह मंत्री अमित शाह के कारण इसको तीन दिन पहले 30 जुलाई को आयोजित किया जा रहा है। इसको लेकर प्रशासन ने तैयारियां भी तेजी से शुरू कर दी है।
  • प्रदेश की राजनीति में मंदसौर जिला महत्वपूर्ण है, क्योंकि इस जिले से होकर ही सत्ता का सुख किसी भी दल को मिलता है।

राजनीतिक जानकारों की मानें तो संसदीय क्षेत्र की 8 विधानसभा का एक सर्वे हाल ही में ही आया था। जिसमें मौजूदा कई विधायकों की स्थिति कमजोर बताई गई है। अभी आठों विधानसभा पर भाजपा के विधायक हैं। सर्वे के बाद से संगठन ने इस ओर गंभीरता से ध्यान देना शुरू कर दिया है। गृह मंत्री अमित शाह संसदीय क्षेत्र के किसानों के साथ प्रदेश के किसानों को भी इस सम्मेलन से साधेंगे। पिछले विधानसभा चुनाव में पिपलिया मंडी से कांग्रेस से राहुल गांधी ने किसानों को साधने के लिए चुनाव प्रचार की शुरुआत की थी।

ये भी पढ़ें- शाह ने दिए संकेत, वर्तमान नेतृत्व की अगुआई में ही लड़ा जाएगा विस चुनाव

संबंधित खबरें...

Back to top button