आस्था के साथ जिम्मेदारी....बाबा बर्फानी यात्रा पर PM का संदेश, स्वच्छता, सुरक्षा और देशभक्ति का संकल्प जरूरी

श्रीनगर। अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू हो गई है और इस पवित्र यात्रा में शामिल होने के लिए देशभर से हजारों श्रद्धालु जम्मू-कश्मीर पहुंच रहे हैं। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रद्धालुओं के लिए एक विशेष पत्र जारी किया है, जिसमें उन्होंने सभी शिवभक्तों को शुभकामनाएं दी हैं। पीएम ने कहा कि बाबा बर्फानी के दर्शन केवल आस्था नहीं बल्कि भारत की सांस्कृतिक एकता का प्रतीक हैं। उन्होंने यात्रियों से यात्रा के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता और अनुशासन का पालन करने की अपील की है। साथ ही उन्होंने पांच महत्वपूर्ण संकल्प लेने का आग्रह किया है।
पीएम मोदी का संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने पत्र में कहा कि अमरनाथ यात्रा हर शिवभक्त के लिए अत्यंत पवित्र और सौभाग्य का अवसर होती है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक परंपरा नहीं बल्कि भारत की आध्यात्मिक विरासत और सांस्कृतिक एकता को दर्शाने वाला एक महत्वपूर्ण अध्याय है। देश और दुनिया से लाखों श्रद्धालु हर साल इस यात्रा में शामिल होते हैं और बाबा बर्फानी के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त करते हैं।
यात्रा व्यवस्था और योगदान की सराहना
पीएम मोदी ने श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड, जम्मू-कश्मीर प्रशासन और सुरक्षा बलों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना, सीआरपीएफ, जम्मू-कश्मीर पुलिस, आईटीबीपी, बीएसएफ, एनडीआरएफ, स्वास्थ्यकर्मी और सफाई कर्मचारी लगातार यात्रा को सुरक्षित और सफल बनाने में योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सभी लोगों की मेहनत से ही यह कठिन यात्रा सुचारू रूप से चल पाती है।
ये भी पढ़ें: ध्रुव राठी के वीडियो पर दिल्ली हाईकोर्ट सख्त, GAC को 15 दिन में फैसला लेने का निर्देश
स्वच्छता और सुरक्षा पर विशेष जोर
प्रधानमंत्री ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे यात्रा के दौरान स्वच्छता का पूरा ध्यान रखें और किसी भी प्रकार की गंदगी न फैलाएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन के सभी नियमों और सुरक्षा निर्देशों का पूरी तरह पालन करना जरूरी है। साथ ही उन्होंने खराब मौसम, बारिश और फिसलन भरे रास्तों को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह भी दी।
‘वोकल फॉर लोकल’ और पर्यावरण संरक्षण
पीएम मोदी ने श्रद्धालुओं से कहा कि वे अपनी यात्रा के खर्च का कम से कम 10 प्रतिशत स्थानीय उत्पादों की खरीद पर खर्च करें, जिससे जम्मू-कश्मीर के लोगों की आजीविका को मजबूती मिले। इसके अलावा उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रक्षाबंधन पर पौधा लगाने की अपील की, ताकि पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिले।
ये भी पढ़ें: BAT-BMS पर सरकार की कार्रवाई: चलते ई-रिक्शा को रिमोट से बंद करने वाले 3 ऐप्स ब्लॉक, बैटरी सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश
राष्ट्र निर्माण का संदेश
प्रधानमंत्री ने कहा कि हर श्रद्धालु को ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि सेवा, अनुशासन और जिम्मेदारी का भी संदेश देती है। पीएम ने विश्वास जताया कि अमरनाथ यात्रा भारत की सांस्कृतिक एकता और आध्यात्मिक परंपरा को और मजबूत करेगी।










