अजमेर में चलती स्कॉर्पियो बनी आग का गोला :पूर्व सरपंच सहित 4 लोग जिंदा जिले, अस्पताल जा रहा था परिवार

अजमेर। राजस्थान के अजमेर जिले से गुरुवार सुबह एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। बोराड़ा थाना क्षेत्र में चलती स्कॉर्पियो कार अचानक आग का गोला बन गई, जिसमें पूर्व सरपंच सहित एक ही परिवार के 4 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया है।
घटना अजमेर शहर से करीब 60 किलोमीटर दूर श्रीरामपुरा गांव के पास सुबह करीब 5:30 बजे हुई। मृतकों में पूर्व सरपंच रामसिंह चौधरी, उनकी मां और पूर्व सरपंच पूसी देवी, पत्नी व जिला परिषद सदस्य सुरज्ञान देवी और भांजी महिमा शामिल हैं।
बीमार मां को अस्पताल ले जा रहे थे
जानकारी के अनुसार, पूर्व सरपंच रामसिंह चौधरी अपनी मां पूसी देवी को अस्पताल लेकर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि, पूसी देवी के सीने में अचानक दर्द उठा था। इसी कारण परिवार सुबह जल्दी स्कॉर्पियो से अस्पताल के लिए निकला था। कार में रामसिंह चौधरी, उनकी पत्नी सुरज्ञान देवी, मां पूसी देवी और भांजी महिमा सवार थीं। गांव से करीब एक किलोमीटर दूर पहुंचते ही अचानक कार से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते वाहन आग की लपटों में घिर गया।

नहीं मिला बाहर निकलने का मौका
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग कुछ ही सेकंड में पूरी कार में फैल गई। कार आग का गोला बन गई और अंदर बैठे लोगों को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिल सका। ग्रामीणों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि कार का सेंट्रल लॉक सिस्टम भी फंस गया था, जिससे लोग बाहर नहीं निकल पाए। हादसे में रामसिंह चौधरी, सुरज्ञान देवी और महिमा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से झुलसी पूसी देवी को किसी तरह बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
हत्या के एंगल से भी जांच कर रही पुलिस
इस मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब पुलिस को घटनास्थल और घर से कुछ संदिग्ध सबूत मिले। पुलिस के अनुसार सुरज्ञान देवी के गले पर खून के निशान पाए गए हैं। इसके अलावा घर की जांच में खून के निशान, दो ईंटें और माचिस भी मिली है। वहीं पास में ट्रैक्टर से डीजल निकालने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने यह भी पाया कि घर को पूरी तरह धोया गया था। इन सभी तथ्यों को देखते हुए पुलिस अब इस मामले की जांच हत्या और साजिश के एंगल से भी कर रही है।
परिवार के लोगों से पूछताछ जारी
पुलिस ने पूछताछ के लिए मृतक रामसिंह चौधरी की दूसरी पत्नी, बेटे और परिवार के कुछ अन्य लोगों को थाने बुलाया है। एफएसएल (FSL) और एमओबी (MOB) टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। अजमेर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने कहा कि फिलहाल घटना के सही कारण स्पष्ट नहीं हुए हैं, लेकिन पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि, पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी।
शॉर्ट सर्किट या साजिश?
शुरुआती जांच में कार में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी मानी जा रही थी, लेकिन अब सामने आए तथ्यों ने पूरे मामले को संदिग्ध बना दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि, घटना सामान्य हादसा नहीं लग रही। वहीं पुलिस भी इसे गंभीरता से लेते हुए हत्या की आशंका से इनकार नहीं कर रही।
गांव में पसरा मातम
एक ही परिवार के चार लोगों की मौत के बाद बोराड़ा और आसपास के गांवों में शोक का माहौल है। रामसिंह चौधरी और उनका परिवार इलाके में काफी प्रभावशाली माना जाता था। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और हर आंख नम दिखाई दे रही है।











