अजमेर में 150 फीट गहरी खाई में गिरी बस :2 की मौत, मायरा भरने जा रहे थे 31 यात्री; कपड़ों की रस्सी बनाकर किया गया रेस्क्यू

अजमेर के पुष्कर घाटी में यात्रियों से भरी बस 150 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। बस में 31 यात्री सवार थे, जो मायरा भरने जा रहे थे। सभी घायलों को अजमेर के जेएलएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Follow on Google News
2 की मौत, मायरा भरने जा रहे थे 31 यात्री; कपड़ों की रस्सी बनाकर किया गया रेस्क्यू

अजमेर। राजस्थान के अजमेर में एक दर्दनाक हादसे ने खुशियों के सफर को मातम में बदल दिया। पुष्कर जा रही यात्रियों से भरी बस अचानक बेकाबू होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हैं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। 

कैसे हुआ हादसा?

यह हादसा रविवार को अजमेर जिले की पुष्कर घाटी में हुआ, जहां बस अचानक अनियंत्रित होकर करीब 150 फीट गहरी खाई में गिर गई। बताया जा रहा है कि दुर्घटना पुष्कर से लगभग 3 किलोमीटर पहले सांझीसर क्षेत्र के पास हुई। यात्रियों के मुताबिक, बस अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और देखते ही देखते खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

मायरा भरने जा रहे थे बस सवार

बस में कुल 31 यात्री सवार थे, जो पीसांगन (अजमेर) में मायरा भरने के लिए जा रहे थे। यह एक पारिवारिक कार्यक्रम था, जिसमें शामिल होने के लिए सभी लोग एक साथ यात्रा कर रहे थे। लेकिन रास्ते में ही यह हादसा हो गया और खुशी का माहौल दुख में बदल गया।

Breaking News

हादसे में 2 की मौत, कई घायल

इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि 25 से ज्यादा यात्री घायल हुए हैं। इनमें से 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं।

हादसे के बाद सभी घायलों को तुरंत पुष्कर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। इसके बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें अजमेर के जेएलएन अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है और डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं।

हादसे में घायल हुए लोग

इस हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें रमेश (44), मोना (30), चंदा (60), नजू (45), राधारानी (60), जितेंद्र (34), शायरी (50), जेनब (10), अलजीत (13), उगमी देवी (60), नटवर (45), प्रियंका (22), अंजली (15), गीता (50), संजू (40), सीता (35), धर्मा (40), पूजा (30), प्रियांशी (10), गुड़िया (30), रुकमा (50), निर्मला (45), प्रियांशी (2), रिंकू (21), रेखा (21), प्रियंका (26), देव (20) और वानिया (6) शामिल हैं।

Featured News

कपड़ों से रस्सी बनाकर किया गया रेस्क्यू

हादसे के बाद सबसे पहले मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने बहादुरी दिखाते हुए राहत-बचाव कार्य शुरू किया। खाई गहरी होने के कारण लोगों ने कपड़ों को बांधकर रस्सी बनाई और उसके सहारे घायलों को बाहर निकाला। 
हादसे के कारण पुष्कर घाटी मार्ग पर लंबा जाम लग गया। सड़क पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और धीरे-धीरे यातायात को सामान्य करने की कोशिश की गई।

पुलिस कर रही हादसे की जांच

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। ग्रामीण सीओ रामचंद्र चौधरी ने बताया कि, सांझीसर से आगे यह हादसा हुआ है और घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में बस के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, लेकिन तकनीकी खराबी और चालक की लापरवाही जैसे पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts