गांजे के नशे में था एअर इंडिया का पायलट... दूसरा डोप टेस्ट आया पॉजिटिव, मारिजुआना की हुई पुष्टि

एअर इंडिया की फुकेट से दिल्ली आ रही फ्लाइट AI2379 से जुड़े मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक, फ्लाइट के पायलट-इन-कमांड सुदीप वशिष्ट का कन्फर्मेटरी लैब टेस्ट मारिजुआना के लिए पॉजिटिव आया है। खास बात यह है कि शुरुआती स्क्रीनिंग के बाद किए गए दूसरे टेस्ट में भी पायलट के सैंपल में साइकोएक्टिव सब्सटेंस की पुष्टि हुई है।
4 अगस्त को अचानक 300 फीट नीचे आया था विमान
यह मामला 4 अगस्त को हुई उस घटना से जुड़ा है, जब फुकेट से दिल्ली आ रही AI2379 फ्लाइट अचानक करीब 300 फीट नीचे आ गई थी। विमान में तेज टर्बुलेंस की स्थिति बनी थी। इस दौरान कम से कम 17 यात्री और क्रू मेंबर घायल हुए थे। घटना के बाद विमान की सुरक्षा और पायलटों की भूमिका को लेकर जांच शुरू की गई थी।
दोनों पायलटों की हुई थी डोप स्क्रीनिंग
घटना के बाद विमान के पायलट-इन-कमांड और को-पायलट, दोनों की साइकोएक्टिव सब्सटेंस स्क्रीनिंग कराई गई थी। सूत्रों के मुताबिक, को-पायलट की शुरुआती जांच में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं मिली। वहीं, पायलट-इन-कमांड की शुरुआती स्क्रीनिंग का नतीजा ऐसा था, जिसके बाद विस्तृत और कन्फर्मेटरी जांच कराने की जरूरत पड़ी।
कन्फर्मेटरी टेस्ट में मारिजुआना की पुष्टि
शुरुआती जांच के बाद पायलट का सैंपल कन्फर्मेटरी टेस्ट के लिए लैब भेजा गया। सूत्रों के मुताबिक, लैब जांच में सैंपल मारिजुआना के लिए पॉजिटिव पाया गया। मारिजुआना को आम तौर पर वीड या गांजा भी कहा जाता है। सूत्रों के अनुसार, बाद की जांच में भी इस नतीजे की पुष्टि हुई है।
जांच पूरी होने तक दोनों पायलट फ्लाइंग ड्यूटी से बाहर
मामले की जांच पूरी होने तक दोनों पायलटों को पहले ही फ्लाइंग रोस्टर से हटा दिया गया है। यानी फिलहाल दोनों पायलट विमान उड़ाने की ड्यूटी पर नहीं हैं। अब आगे की कार्रवाई जांच के अंतिम निष्कर्ष और संबंधित अधिकारियों की रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।











