चक्रवाती तूफान अर्नब का असर: करवा चौथ पर चांद के दीदार होंगे मुश्किल, घने बादल व बारिश की चेतावनी

जबलपुर। पति की लंबी उम्र की कामना के लिए रखा जाने वाला करवा चौथ का व्रत महिलाओं के लिए इस बार और कठिन होने वाला है। ऐसा इसलिए क्योंकि चक्रवाती तूफान अर्नब जिसे अति प्रचंड बताया जा रहा है का असर मप्र के जबलपुर सहित 17 जिलों पर आने जा रहा है। 29 अक्टूबर से 3 नवंबर तक भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इस बार करवा चौथ का व्रत 28 अक्टूबर गुरुवार को है और इस दिन तेज हवाओं और घने बादल आसमान में छाए रहेंगे। व्रत का पारायण महिलाएं चंद्रमा को अर्ध्य देकर करती हैं ऐसे में चंद्रमा के दर्शन ही मौसम के चलते कठिन हो सकते हैं।
यह है वजह
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अति प्रचंड अर्नब चक्रवाती तूफान पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर छाया है जो कि तेज गति से पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। इसके चलते मंगलवार को हवाओं की गति तेज हो गई है। तूफान को लेकर आंध्र प्रदेश व उससे लगे दक्षिणी ओडिसा के तटों के लिए रेड अलर्ट चेतावनी भी जाहिर की गई है। मप्र में अर्नब का असर ये होगा कि 29 अक्टूबर से 3 नवंबर तक पूर्वी मध्यप्रदेश के 17 जिलों में भारी से अति भारी बारिश हो सकती है।
ये भी पढ़ें: Karwa Chauth 2026: 28 या 29 अक्टूबर... कब रखा जाएगा करवा चौथ का व्रत? जानें पूजा मुहूर्त और चंद्रोदय का समय
शास्त्रों में मानसिक ध्यान का भी विधान
इस बारे में ज्योतिषाचार्य पं. अशाेक कुमार मिश्र ने कहा कि पंचांग के अनुसार चंद्रोदय समय 8.23 मिनट पर है। बारिश के चलते बादल छाने की संभावना है। ऐसे में निर्धारित समय पर चंद्र को अर्घ्य दिया जा सकता है। शास्त्रों में मानसिक ध्यान का भी विधान है।
ये भी पढ़ें: Chia Seeds Face Mask: करवा चौथ से पहले चेहरे पर चाहिए नेचुरल ग्लो? घर पर बनाएं चिया सीड्स फेस पैक




















