Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Ahmedabad Plane Crash : पूर्व सीएम विजय रूपाणी का DNA मैच, राजकोट में होगा अंतिम संस्कार, अब तक 31 सैंपल मैच हुए

Follow on Google News
Ahmedabad Plane Crash : पूर्व सीएम विजय रूपाणी का DNA मैच, राजकोट में होगा अंतिम संस्कार, अब तक 31 सैंपल मैच हुए
अहमदाबाद। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का अहमदाबाद विमान हादसे में निधन हो गया था, जिसकी पुष्टि अब डीएनए जांच के जरिए हो गई है। गुजरात के गृह मंत्री हर्ष संघवी ने रविवार को जानकारी दी कि रूपाणी का डीएनए नमूना सुबह 11:10 बजे मैच हो गया। परिवार के मुताबिक, राजकोट में सोमवार दोपहर 3 बजे अंतिम संस्कार किया जाएगा।

अब तक 31 शवों की हुई पहचान

12 जून को हुए भीषण विमान हादसे में मृतकों की संख्या अब 275 तक पहुंच चुकी है। अब तक 248 शवों के डीएनए सैंपल लिए गए हैं, जिनमें से केवल 31 की पहचान संभव हो पाई है। इन शवों में से 20 को उनके परिजनों को सौंपा गया है और साथ ही मृत्यु प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए हैं। परिवारों तक शव सुरक्षित पहुंचाने के लिए प्रशासन ने 230 विशेष टीमें तैनात की हैं और 192 एम्बुलेंस को स्टैंडबाय पर रखा गया है। मृतकों में कई विदेशी नागरिक भी शामिल हैं, जिनमें से 11 के परिजन रविवार को अहमदाबाद पहुंच सकते हैं।

जल चुके शवों की पहचान में बाधा, डीएनए टेस्टिंग ही सहारा

अतिरिक्त सिविल अधीक्षक डॉ. रजनीश पटेल ने बताया कि अब तक पहचाने गए सभी शव गुजरात और राजस्थान के विभिन्न जिलों से हैं। अधिकांश शव इस हद तक जल गए हैं कि उनकी सामान्य रूप से पहचान करना असंभव हो गया है। इसलिए डीएनए टेस्टिंग के जरिए ही शवों की पुष्टि की जा रही है। अहमदाबाद में शवों को रखने और भेजने के लिए 170 ताबूतों का ऑर्डर दिया गया है, जिनमें से 100 वडोदरा से लाए जा चुके हैं। शेष ताबूत निर्माणाधीन हैं।

ब्लैक बॉक्स की बरामदगी से जांच को मिलेगी दिशा

अहमदाबाद के नगर आयुक्त बंछा निधि पाणि ने बताया कि ब्लैक बॉक्स विमान के पिछले हिस्से से बरामद किया गया, जो सौभाग्य से पूरी तरह क्षतिग्रस्त नहीं हुआ था। यह एक इमारत की पहली मंजिल में अटका मिला। एएआईबी (Aircraft Accident Investigation Bureau) की टीम ने क्रेन, मजदूरों और इंजीनियरों की सहायता से इसे सुरक्षित निकाला।

लंदन जा रही थी फ्लाइट, 242 लोग थे सवार

विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें से 241 की मौत हो चुकी है। यह विमान लंदन जा रहा था। हादसे में एकमात्र जीवित बचे यात्री की स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि ब्लैक बॉक्स के जांच से दुर्घटना के कारणों पर स्पष्टता मिलेगी।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts