अहमदाबाद प्लेन क्रैश : ‘थ्रस्ट नहीं मिल रहा, नहीं बचेंगे…’ पायलट का ATC को आखिरी मैसेज, मरने वालों का आंकड़ा हुआ 275

Follow on Google News
अहमदाबाद प्लेन क्रैश : ‘थ्रस्ट नहीं मिल रहा, नहीं बचेंगे…’ पायलट का ATC को आखिरी मैसेज, मरने वालों का आंकड़ा हुआ 275
अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद में हुए भीषण विमान हादसे ने पूरे देश को झकझोर दिया है। एअर इंडिया का बोइंग ड्रीमलाइनर 787-8 विमान लंदन के लिए उड़ान भरने के कुछ ही सेकंड बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में 275 लोगों की मौत हो चुकी है, जिसमें 241 विमान में सवार यात्री और 34 बीजे मेडिकल कॉलेज हॉस्टल के लोग शामिल हैं। घटना की जांच के लिए कई एजेंसियां काम कर रही हैं।

पायलट का आखिरी मैसेज- "थ्रस्ट नहीं मिल रहा, नहीं बचेंगे"

हादसे से ठीक पहले विमान के पायलट सुमित सभरवाल ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को आखिरी मैसेज भेजा। महज 4-5 सेकंड के इस संदेश में उन्होंने कहा, "मेडे, मेडे, मेडे... थ्रस्ट नहीं मिल रहा। पावर कम हो रही है, प्लेन उठ नहीं रहा। नहीं बचेंगे।" इसके तुरंत बाद विमान बीजे मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल बिल्डिंग पर गिर गया।

हॉस्टल में मौजूद थे 60 से ज्यादा लोग

हादसे के वक्त जिस हॉस्टल बिल्डिंग पर विमान गिरा, उसमें डॉक्टर, मेडिकल स्टूडेंट्स और स्टाफ के 60 से ज्यादा लोग मौजूद थे। इनमें से 34 लोगों की जान चली गई। इस हादसे में कुल मृतकों की संख्या 275 तक पहुंच गई है।

मृतकों की शिनाख्त के लिए DNA टेस्ट

अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में लगातार DNA सैंपल कलेक्शन का काम चल रहा है। अब तक 230 से ज्यादा सैंपल लिए जा चुके हैं। 50% से अधिक शव बुरी तरह जल चुके हैं, जिससे उनकी शिनाख्त बड़ी चुनौती बन गई है। नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी और फॉरेंसिक साइंस लैब मिलकर DNA टेस्टिंग कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी पहुंचे घटनास्थल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार (13 जून) को अहमदाबाद पहुंचे और सबसे पहले घटनास्थल का दौरा किया। फिर सिविल अस्पताल जाकर पीड़ितों और इकलौते बचे यात्री रमेश कुमार विश्वास से मुलाकात की। शनिवार (14 जून) को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी अहमदाबाद जाएंगे और मृतकों के परिजनों से मिलेंगे।

आठ एजेंसियां कर रहीं जांच

हादसे की जांच के लिए भारत के साथ-साथ अमेरिका और ब्रिटेन की एजेंसियां भी अहमदाबाद पहुंच चुकी हैं। जांच में शामिल एजेंसियों के नाम इस प्रकार हैं:
  1. नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA)
  2. गुजरात पुलिस
  3. एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB)
  4. डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA)
  5. यूके की एयर एक्सीडेंट्स इन्वेस्टिगेशन ब्रांच (UK-AAIB)
  6. यूएस की नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB)
  7. फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA)
  8. नागरिक उड्डयन मंत्रालय की हाईलेवल कमेटी

7 महीने तक ग्राउंडेड रहा था हादसे वाला विमान

यह विमान (VT-ANB 36279) 2019 में 7 महीने तक मुंबई एयरपोर्ट पर ग्राउंडेड रहा था। विशेषज्ञों के अनुसार, इतनी लंबी अवधि तक ग्राउंडिंग सामान्य नहीं होती। हालांकि, उस समय इसके ग्राउंडेड रहने के कारण सार्वजनिक नहीं किए गए थे।

एअर इंडिया के सभी ड्रीमलाइनर विमानों की होगी जांच

DGCA ने हादसे के बाद एअर इंडिया के पूरे बोइंग 787 ड्रीमलाइनर फ्लीट की सुरक्षा जांच के आदेश दिए हैं। खासतौर पर जेनएक्स इंजन वाले 787-8 और 787-9 विमानों के हर उड़ान से पहले विस्तृत जांच होगी। एअर इंडिया के पास कुल 33 ऐसे विमान हैं।

टाटा समूह के इतिहास का काला दिन

टाटा ग्रुप के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए इसे टाटा ग्रुप के इतिहास का सबसे काला दिन बताया। उन्होंने कहा कि भारत, अमेरिका और ब्रिटेन की जांच एजेंसियां पूरे पारदर्शिता से जांच कर रही हैं।

12 जून को हुआ हादसा

12 जून को एअर इंडिया की फ्लाइट AI-171 ने दोपहर 1:38 बजे लंदन के लिए उड़ान भरी थी। टेकऑफ के महज दो मिनट बाद 1:40 बजे हादसा हुआ। विमान जमीन से टकराकर आग के गोले में तब्दील हो गया। हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और कई विदेशी नागरिक भी मारे गए। ब्रिटेन के रमेश कुमार विश्वास इस हादसे में जीवित बचे एकमात्र यात्री हैं। ये भी पढ़ें- Ahmedabad Plane Crash : मां को टिफिन देने जा रहा था…उसी वक्त हुआ प्लेन क्रैश, बेटे को बचाने के लिए आग के बवंडर से लड़ती रही मां
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts