Ahmedabad Plane Crash : मां को टिफिन देने जा रहा था...उसी वक्त हुआ प्लेन क्रैश, बेटे को बचाने के लिए आग के बवंडर से लड़ती रही मां 

Ahmedabad Plane Crash : मां को टिफिन देने जा रहा था...उसी वक्त हुआ प्लेन क्रैश, बेटे को बचाने के लिए आग के बवंडर से लड़ती रही मां 
अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। हादसे में जहां विमान में सवार 241 यात्रियों की जान चली गई। वहीं विमान के रिहायशी इलाके में गिरने के कारण 24 और लोगों की मौत हो गई है। इन्हीं में एक नाम है 15 वर्षीय आकाश का, जो हादसे के वक्त अपनी मां को टिफिन देने गया था, लेकिन आग की लपटों में जिंदा जल गया।

चारपाई पर बैठा था आकाश, अचानक आसमान से टूटा कहर

परिवार के मुताबिक, आकाश चाय की केतली चलाने वाले अपने परिवार की मदद कर रहा था। हादसे के दिन वह अपनी मां को टिफिन देने गया था और खाना खाने के बाद कुछ देर के लिए चारपाई पर बैठ गया। तभी आसमान से एयर इंडिया का विमान आफत बनकर गिरा, जिससे चारों तरफ आग लग गई। आग की लपटें उठता देख आकाश की मां उसे बचाने दौड़ीं, लेकिन वे खुद भी गंभीर रूप से झुलस गईं। मां अपने बच्चे को नहीं बचा पाई। आकाश की मौके पर ही मौत हो गई और उसकी मां को आईसीयू में भर्ती कराया गया है।

डीएनए जांच के लिए सैंपल बीजे मेडिकल कॉलेज को सौंपा

परिवार ने आकाश की पहचान के लिए डीएनए सैंपल बीजे मेडिकल कॉलेज को दिया है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, रिपोर्ट आने में 72 घंटे लग सकते हैं। आकाश की मां का इलाज फिलहाल आईसीयू में चल रहा है और परिवार इस हादसे से गहरे सदमे में है।

मेघानीनगर में गिरा विमान

एयर इंडिया का यह विमान 12 जून को अहमदाबाद के मेघानीनगर इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हुआ। विमान बीजे मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल की एक बिल्डिंग से टकराया, जिससे भीषण आग लग गई। विमान में मौजूद 241 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि इलाके में 24 लोग और मारे गए, जिससे कुल मृतकों की संख्या 265 हो चुकी है। घटनास्थल पर अभी भी मलबा हटाने और घायलों को राहत पहुंचाने का काम जारी है।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts