हरदा में गूंजा ‘हर-हर महादेव’: नेमावर से निकली विशाल जय भोले कांवड़ यात्रा, श्रावण के अंतिम सोमवार गुप्तेश्वर मंदिर में होगा जलाभिषेक
धर्म रक्षा समिति के तत्वावधान में रविवार को क्षेत्र की प्रसिद्ध विशाल जय भोले कांवड़ यात्रा निकाली गई। देवास जिले के नेमावर स्थित सिद्धनाथ घाट से सुबह करीब 9 बजे शुरू हुई इस कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा के रास्ते में जगह-जगह लोगों ने कांवड़ियों का स्वागत किया और सेवा शिविर लगाए। करीब दोपहर 3 बजे कांवड़ यात्रा हरदा पहुंची। यहां होटल मानसरोवर के पास श्रद्धालुओं ने यात्रा की भव्य अगवानी की। इसके बाद कांवड़ यात्रा ने शोभायात्रा का रूप ले लिया और शहर के प्रमुख मार्गों से होकर आगे बढ़ी। इस दौरान पूरे शहर में हर-हर महादेव के जयघोष गूंजते रहे।
शहर में जगह-जगह हुआ कांवड़ियों का स्वागत
हरदा पहुंचने के बाद कांवड़ यात्रा का शहरवासियों ने उत्साह और श्रद्धा के साथ स्वागत किया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए सेवा और स्वागत की व्यवस्था की गई। महिलाओं और युवतियों ने घरों की छतों से कांवड़ यात्रा पर पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। डूडी निवास के पास भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों ने कांवड़ियों का स्वागत किया। वहीं परशुराम चौक पर शर्मा होटल और बादर होटल के सामने भी यात्रा के लिए स्वागत और सेवा की व्यवस्था की गई। इसके अलावा शहर के अन्य प्रमुख चौक-चौराहों पर भी धर्मप्रेमी लोगों ने कांवड़ियों के लिए पानी, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की। यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा।
ये भी पढ़ें: पत्रकारिता के पुरोधा अंबादत्त भारतीय का सपना होगा साकार, जिला प्रेस क्लब भवन के लिए जल्द भूमि चयन की घोषणा
20 साल से निकाली जा रही कांवड़ यात्रा
धर्म रक्षा समिति के श्याम शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में पिछले करीब 20 वर्षों से जय भोले कांवड़ यात्रा निकाली जा रही है। इसी परंपरा के तहत इस वर्ष भी यात्रा का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि यात्रा का पहला पड़ाव ग्राम कांकरिया में होगा। यहां कांवड़ियों के लिए भोजन और रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई है।
ये भी पढ़ें: रायसेन: रक्षाबंधन को लेकर शांति समिति की बैठक, पुलिस ने की भाईचारे से त्योहार मनाने अपील
श्रावण के अंतिम सोमवार गुप्तेश्वर मंदिर में होगा जलाभिषेक
यात्रा के अगले चरण में कांवड़िए श्रावण मास के अंतिम सोमवार को चारूवा स्थित गुप्तेश्वर मंदिर पहुंचेंगे। यहां कांवड़ में लाए गए पवित्र जल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा। इसके बाद भगवान भोलेनाथ की महाआरती होगी और इसी के साथ कांवड़ यात्रा का विधिवत समापन किया जाएगा। हरदा में निकली इस कांवड़ यात्रा ने पूरे शहर को धार्मिक उत्साह से भर दिया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी और जगह-जगह हुए स्वागत के कारण यात्रा का माहौल भक्तिमय बना रहा।























