Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Year Ender 2024 : इस साल थर्ड-वर्ल्ड वार की आहट से सहमी रही दुनिया, इजरायल-गाजा, रूस-यूक्रेन युद्ध सहित वो घटनाएं जिन्हें दुनिया लंबे समय तक याद रखेगी

Follow on Google News
Year Ender 2024 : इस साल थर्ड-वर्ल्ड वार की आहट से सहमी रही दुनिया, इजरायल-गाजा, रूस-यूक्रेन युद्ध सहित वो घटनाएं जिन्हें दुनिया लंबे समय तक याद रखेगी
Year Ender 2024 : साल 2024 दुनिया के लिए बहुत उथल-पुथल वाला रहा। पहले से ही चल रहा रूस-यूक्रेन युद्ध और अक्टूबर 2023 से चल रहे इजरायल-हमास युद्ध के चलते कई बार ऐसी परिस्थितियों पैदा हुर्इं, जिससे दुनिया पर तीसरे विश्व युद्ध का खतरा मंडराने लगा। इतना ही नहीं द्वितीय विश्व युद्ध से भी घातक परमाणु हथियारों के उपयोग की धमकियों ने पूरी दुनिया को कई बार हिला कर रख दिया। इस बीच बांग्लादेश, सूडान-सीरिया जैसे देशों में विद्रोहियों ने राजनीतिक उथल-पुथल की घटना को अंजाम दिया, जिसके चलते इन देशों में सत्ता का तख्तापलट हो गया। ब्रिटेन और अमेरिका आदि में वोट से सरकारें बदलीं।

रूस-यूक्रेन युद्ध दो साल से है जारी, थमने के नहीं आसार

फरवरी 2022 से शुरू हुआ रूस-यूक्रेन युद्ध 2024 में और भी ज्यादा घातक हो गया। इस साल अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने अपना कार्यकाल पूरा होने से पहले यूक्रेन को अमेरिकी हथियारों के इस्तेमाल की इजाजत देकर एक तरीके से तीसरे विश्व युद्ध की जमीन तैयार करने का काम किया। रूस ने विश्व की सबसे खतरनाक हाइपरसोनिक आईसीबीएम मिसाइल यूक्रेन पर दागकर इरादे जता दिए कि वह जरूरत पड़ने पर परमाणु हमला करने से नहीं चूकेगा। रूस ने कई बार यूक्रेन की मदद करने वाले नाटो, अमेरिका और ब्रिटेन पर भी हमले की धमकी दी। इससे तीसरे विश्व युद्ध के खतरे की आहट लगातार महसूस होती रही। इस बीच रूस ने अपनी परमाणु नीति में संशोधन करके और परमाणु हथियारों की युद्ध क्षेत्र में तैनाती करके दुनिया की धड़कनें कई बार बढ़ा दी।

इजरायल-हमास युद्ध अभी भी चल रहा, यमन-ईरान भी कूदे

7 अक्टूबर 2023 से शुरू हुए इजरायल-हमास युद्ध की आग ने धीरे-धीरे लेबनान से लेकर यमन, ईरान और सीरिया तक को अपने चपेट में ले लिया। गाजा में इजरायल के ताबड़तोड़ मिसाइल हमलों के खिलाफ यमन के हूतियों ने लाल सागर और अदन की खाड़ी में जहाजों को निशाना बनाना शुरू कर दिया। इजरायल ने हमास चीफ इस्माइल हानिया उर्फ इस्माइल हनियेह व याह्या सिनवार की हत्या करके हमास आतंकियों का हौसला तोड़ दिया।

सूडान में जुंटा आर्मी ने तख्तापलट किया, गृहयुद्ध की चपेट में आया

2024 सूडान और बांग्लादेश में हुए तख्तापलट के लिए भी याद किया जाएगा। अप्रैल 2023 से ही सूडान भयानक गृहयुद्ध की चपेट में है। यहां जुंटा आर्मी ने तख्तापलट कर दिया। इसके बाद सूडान के अर्धसैनिक बल और सेना सीधे आमने-सामने हैं और वर्षों से दोनों के बीच भीषण जंग चल रही है। इस युद्ध में अब तक हजारों जवान और लोग मारे जा चुके हैं। अंतर्राष्ट्रीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार सूडान में 27 हजार से अधिक लोगों की इस गृहयुद्ध में मौत हो चुकी है।

बांग्लादेश में छात्रों ने किया हसीना को बेदखल

बांग्लादेश में अगस्त में छात्रों के आंदोलन ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को सत्ता से बेदखल कर दिया। इसके बाद उन्हें भारत में शरण लेना पड़ी। बांग्लादेश में मोहम्मद यूनुस अंतरिम सरकार के मुखिया बने। तब से हिंदुओं पर हमला, आगजनी और जुर्म तेज हो गए। देश में सैकड़ों हिंदू लड़कियों और महिलाओं का बलात्कार व लोगों की हत्या कर दी गई। यह अभी भी जारी है। बता दें, जनवरी 2024 में बांग्लादेश में हुए चुनाव में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की बड़ी जीत हुई। उन्होंने 300 सीटों वाली असेंबली में 222 सीटों पर जीत दर्ज की थी।

सीरिया में सशस्त्र विद्रोहियों ने छेड़ा संघर्ष

सीरिया में भी सशस्त्र विद्रोहियों ने सत्ता के खिलाफ संघर्ष छेड़ दिया। विद्रोहियों ने सीरिया की राजधानी दमिश्क समेत कई ठिकानों पर कब्जा किया। इसके बाद सीरिया के राष्ट्रपति बशर-अल-असद को देश छोड़कर भागना पड़ा। असद को आखिरकार रूस ने शरण दी। इधर इजरायल ने सीरिया में कई आतंकी ठिकानों पर हमला कर बफर जोन पर कब्जा कर लिया।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts