Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

प्यार में धोखा मिला तो मददगार बनकर आए हैवान ने डेढ़ लाख में किशोरी को बेचा!

मंदसौर में बेची गई बिहार की 14 वर्षीय किशोरी रेस्क्यू
Follow on Google News
प्यार में धोखा मिला तो मददगार बनकर आए हैवान ने डेढ़ लाख में किशोरी को बेचा!

भोपाल। हमेशा हंसती-मुस्कुराती रहने वाली 14 वर्षीय खुशी (परिवर्तित नाम) की आंखों में केवल डर का साया नजर आता है। उसे प्यार में धोखा मिला, जबकि मददगार बनकर मिले दरिंदे ने डेढ़ लाख में उसका सौदा कर दिया। यहां हर दिन कई तरह की प्रताड़ना के बाद अब किशोरी अपने परिवार के साथ है, लेकिन सदमे से उबर नहीं पा रही। अब वह अपनी मां का आंचल छोड़ने में भी डरती है। बिहार के जहांनाबाद की खुशी को मप्र-बिहार पुलिस के बेहतर को- ऑर्डिनेशन और बीबीए (बचपन बचाओ आंदोलन) के प्रयासों से बाल तस्करी के जाल से निकाला जा सका। पुलिस ने उसे रेस्क्यू कर सदमे से उबारने के लिए पहले उसकी काउंसलिंग कराई गई। इससे उसे सदमे से बाहर निकालने में कुछ मदद जरूर मिली।

दुष्कर्म के बाद किया आत्महत्या का प्रयास

रेस्क्यू होने के बाद किशोरी ने बताया कि बिहार में उसके 20 वर्षीय करीबी दोस्त ने उसे शादी का वादा किया था। 3 नवंबर को किशोरी उसके साथ गई, तो जहांनाबाद के होटल में दोस्त और उसके साथियों ने उससे दुष्कर्म किया। किसी तरह वह होटल से भाग निकली। आत्महत्या करने जा रही थी, तभी एक मददगार मिला। यह व्यक्ति उसे पहले बिहार ले गया। वहीं, से डेढ़ लाख रुपए में मप्र के मंदसौर निवासी 26 वर्षीय युवक से सौदा कर उसके पास भेज दिया।

3 नवंबर को गायब हुई थी, एक महीने बाद मिली

इधर, बिहार पुलिस और ‘बचपन बचाओ’ संस्था की टीम लगातार उसकी खोज में लगी थी। किशोरी को बेचने वाले को बिहार के अरवल जिले से गिरफ्तार किया गया। पुलिस को उसके पास से बच्ची का मोबाइल फोन और दो अलग-अलग खातों से डेढ़ लाख रुपए ट्रांसफर होने की जानकारी मिली। इन खातों की जांच से पुलिस मंदसौर के उस गांव तक पहुंची, जहां किशोरी को जबरन शादी कर रखा गया था। 1 दिसंबर को किशोरी को रेस्क्यू कर उसके पिता को सौंप दिया गया।

किशोरी का दर्द: छोटी सी गलती पर होती थी पिटाई

सहमी हुई किशोरी ने बताया कि आकाश हमेशा कहता था कि तुम मेरी जिंदगी हो, लेकिन उसने मुझे इतना बड़ा धोखा दिया। मुझे मरने के अलावा कुछ सूझ नहीं रहा था। लेकिन, मुझे क्या पता था कि इससे भी ज्यादा तकलीफ सहनी पड़ेगी। मुझे लगा था वो आदमी मदद करेगा, मेरे परिवार को समझाएगा कि मुझे माफ कर दे। लेकिन, उसने मुझे बेच दिया। जबरदस्ती शादी करा दी। पूरे दिन मुझसे घर का सारा काम करवाया जाता था। थोड़ी-सी गलती होने पर पिटाई होती थी। इसके बाद रातभर दुष्कर्म किया जाता था। मैं अब कहीं नहीं जाना चाहती। वहां बिताई रातों को याद करके डर लगने लगता है।

बिहार पुलिस द्वारा जानकारी मिलने पर हमने पता किया तो सूचना सही थी। हमने आधी रात को रेस्क्यू ऑपरेशन किया, ताकि आरोपी घर पर ही मिले। किशोरी की प्रथम काउंसलिंग भी की गई। आगे की कार्यवाही बिहार पुलिस करेगी। - शिवांशु मालवीय, थाना प्रभारी, सुवासरा, जिला मंदसौर

Javedakhtar Ansari
By Javedakhtar Ansari

Latest Posts