Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

चुनाव नतीजों के बाद बंगाल में नहीं थम रही हिंसा :हावड़ा में BJP-TMC कार्यकर्ताओं में झड़प, बमबाजी और गोलीबारी से दहशत

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद हिंसा लगातार बढ़ रही है। पानीहाटी में भाजपा कार्यकर्ताओं पर बम हमला हुआ, जबकि हावड़ा, बसीरहाट और बरानगर में भी झड़प, गोलीबारी और मारपीट की घटनाएं सामने आई हैं। कई लोग घायल हुए हैं। पुलिस और केंद्रीय बलों ने संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है और जांच जारी है।
हावड़ा में BJP-TMC कार्यकर्ताओं में झड़प, बमबाजी और गोलीबारी से दहशत

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद भी हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। राज्य के कई जिलों में भाजपा और TMC कार्यकर्ताओं के बीच टकराव, बमबाजी और मारपीट की घटनाएं सामने आ रही हैं। गुरुवार को हावड़ा के शिवपुर स्थित चौराबस्ती इलाके में भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हुई, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया।

चुनाव नतीजों के बाद बढ़ा तनाव

4 मई को चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद से राज्य के कई इलाकों में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। एक तरफ राजनीतिक दल जीत का जश्न मना रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ हिंसा की घटनाओं ने लोगों में डर का माहौल पैदा कर दिया है। बसीरहाट, बरानगर, पानीहाटी और हावड़ा समेत कई इलाकों से लगातार हिंसा की खबरें सामने आ रही हैं।

पानीहाटी में भाजपा कार्यकर्ताओं पर बम हमला

उत्तर 24 परगना जिले के पानीहाटी इलाके में गुरुवार सुबह भाजपा कार्यकर्ताओं पर देशी बम से हमला किया गया। पुलिस के मुताबिक, दत्ता रोड पर कुछ भाजपा कार्यकर्ता स्थानीय लोगों से बातचीत कर रहे थे। तभी दो बाइक पर सवार चार लोग वहां पहुंचे और लगातार तीन बम फेंककर फरार हो गए। इस हमले में पांच भाजपा कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल और केंद्रीय बलों की तैनाती की गई।

सुवेंदु अधिकारी ने टीएमसी पर लगाए आरोप

यह हमला भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या के कुछ घंटों बाद हुआ। सुवेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि राज्य में बदले की राजनीति चल रही है और यह ‘महा जंगलराज’ का नतीजा है। उन्होंने कहा कि खरदह में बमबाजी, बसीरहाट में गोलीबारी और मध्यग्राम में हत्या जैसी घटनाएं आपस में जुड़ी हुई हैं। हालांकि, टीएमसी ने इन आरोपों पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।

ये भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल में फिर हिंसा : पानीहाटी में भाजपा कार्यकर्ताओं पर फेंके देशी बम, 5 घायल

दूसरे जिलों में भी हिंसा की घटनाएं

बसीरहाट

यहां भाजपा के एक कार्यकर्ता पर गोली चलाने की खबर सामने आई है।

बरानगर

बरानगर में भाजपा के एक बूथ अध्यक्ष पर धारदार हथियार से हमला किए जाने का आरोप है।

हावड़ा

हावड़ा के शिवपुर इलाके में भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई, जिसमें एक व्यक्ति घायल हुआ।

कई जगह विरोध प्रदर्शन

पूर्व मेदिनीपुर के मयना और महिषादल इलाकों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़क पर टायर जलाकर प्रदर्शन किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। वहीं, कुछ जगहों पर टीएमसी कार्यालयों में तोड़फोड़ और पोस्टर फाड़ने की घटनाएं भी सामने आई हैं।

प्रशासन ने बढ़ाई सुरक्षा

राज्य में बढ़ती हिंसा को देखते हुए पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर हैं। संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और केंद्रीय बलों को तैनात किया गया है। अखिलेश चतुर्वेदी ने कहा कि हिंसा की हर घटना की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts