Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

दुर्गा पूजा को लेकर सुवेंदु सरकार के बड़े ऐलान, अष्टमी पर शराब की बिक्री बंद; कार्निवल भी रद्द

पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा 2026 को लेकर नए नियम जारी किए गए हैं। महाअष्टमी पर राज्यभर में शराब की दुकानें और बार बंद रहेंगे। पूजा और विसर्जन जुलूस में DJ पर रोक रहेगी। आर्थिक रूप से कमजोर पूजा समितियों को 1 लाख रुपये की सहायता मिलेगी। वहीं, इस साल कोलकाता का प्रसिद्ध रेड रोड दुर्गा पूजा कार्निवल आयोजित नहीं होगा।
दुर्गा पूजा को लेकर सुवेंदु सरकार के बड़े ऐलान, अष्टमी पर शराब की बिक्री बंद; कार्निवल भी रद्द
दुर्गा पूजा को लेकर सुवेंदु सरकार के बड़े ऐलान

पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा 2026 को लेकर सरकार ने कई बड़े ऐलान किए हैं। महाअष्टमी के दिन राज्यभर में शराब की बिक्री पूरी तरह बंद रहेगी। इस दौरान शराब की दुकानें ही नहीं, बल्कि बार में भी शराब नहीं परोसी जाएगी। इसके अलावा पूजा और विसर्जन जुलूसों में DJ बजाने पर भी रोक रहेगी।

महाअष्टमी पर पूरी तरह बंद रहेंगी शराब की दुकानें

मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि महाअष्टमी के दिन, जब श्रद्धालु मां दुर्गा को पुष्पांजलि अर्पित करते हैं, राज्य में सभी शराब की दुकानें बंद रहेंगी। बार और अन्य जगहों पर भी शराब की बिक्री की अनुमति नहीं होगी। सरकार ने यह फैसला अष्टमी के धार्मिक महत्व को देखते हुए लिया है।

पूजा और विसर्जन में DJ पर रोक

दुर्गा पूजा के दौरान DJ बजाने पर पूरी तरह रोक रहेगी। यह प्रतिबंध मूर्ति विसर्जन के जुलूसों पर भी लागू होगा। सरकार ने पूजा समितियों से अपील की है कि वे धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का ध्यान रखें। पंडाल, मूर्ति और थीम के जरिए किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस न पहुंचे, इसका भी ध्यान रखने को कहा गया है।

लक्ष्मी पूजा से पहले विसर्जन पूरा करने की अपील

पूजा समितियों से कहा गया है कि वे लक्ष्मी पूजा से एक दिन पहले तक मूर्ति विसर्जन की प्रक्रिया पूरी कर लें। इसका मकसद त्योहार के दौरान व्यवस्था बनाए रखना और किसी तरह की अव्यवस्था को रोकना है।

Featured News

पूजा समितियों को मिलेगा 1 लाख रुपये का अनुदान

सरकार ने आर्थिक रूप से कमजोर पूजा समितियों के लिए 1 लाख रुपये की सहायता देने का ऐलान किया है। वहीं बड़े बजट वाली और आर्थिक रूप से सक्षम समितियों से सरकारी अनुदान नहीं लेने की अपील की गई है। सरकार का कहना है कि आर्थिक रूप से मजबूत समितियां अपने स्तर पर चंदा जुटाकर पूजा का आयोजन कर सकती हैं।

इस साल नहीं होगा दुर्गा पूजा कार्निवल

इस साल कोलकाता के रेड रोड पर होने वाला प्रसिद्ध दुर्गा पूजा कार्निवल आयोजित नहीं किया जाएगा। सरकार ने इसकी जगह महालया के दिन ईडन गार्डन्स में बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन की घोषणा की है। रेड रोड का दुर्गा पूजा कार्निवल पिछले वर्षों में प्रमुख पूजा समितियों की मूर्तियों और झांकियों के प्रदर्शन का बड़ा आयोजन रहा है।

शांतिपूर्ण विसर्जन की अपील

सरकार ने पूजा समितियों और आयोजकों से शांतिपूर्ण तरीके से विसर्जन जुलूस निकालने की अपील की है। साथ ही सड़कों और राष्ट्रीय राजमार्गों को अवरुद्ध कर पूजा आयोजन नहीं करने और यातायात व्यवस्था का ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts