आज घर से संभलकर निकलें! 15 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट, जानें अपने शहर का हाल

नई दिल्ली। शनिवार को देश के कई राज्यों में बारिश का दौर तेज होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुमान के अनुसार उत्तर भारत से लेकर पूर्वी, मध्य और पश्चिमी हिस्सों तक कई जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। दिल्ली में शुक्रवार की तेज बारिश के बाद आज भी मौसम खराब रहने का अनुमान है। उत्तर प्रदेश और बिहार के कई जिलों में बारिश के साथ तेज हवा चल सकती है। वहीं ओडिशा में कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश की चेतावनी है। पहाड़ी राज्यों में भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
दिल्ली-एनसीआर बरस सकते हैं बादल
दिल्ली और आसपास के इलाकों में शुक्रवार को हुई जोरदार बारिश ने जनजीवन प्रभावित किया था। कई सड़कों पर पानी भर गया और ट्रैफिक की रफ्तार थम गई। MB रोड, ITO, पटेल रोड, रोहतक रोड और वजीराबाद रोड समेत कई जगहों पर लोगों को परेशानी हुई। शनिवार को भी दिल्ली में मध्यम से तेज बारिश का अनुमान है। इस दौरान हवा की रफ्तार 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। तापमान करीब 33 डिग्री अधिकतम और 28 डिग्री न्यूनतम रह सकता है।
यूपी के कई जिलों में तेज बारिश का खतरा
उत्तर प्रदेश में बारिश के साथ आंधी की स्थिति बन सकती है। गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, मेरठ, आगरा, मथुरा, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, अयोध्या, गोरखपुर और आसपास के कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान है। कुछ इलाकों में तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी है। लखनऊ में दिन का तापमान करीब 34 डिग्री और रात में 28 डिग्री रह सकता है।
ये भी पढ़ें: रांची में छात्रों का सरकार से आमना-सामना! मंत्रियों से हुई सीधी बातचीत, मांगों पर क्या निकलेगा हल
बिहार और झारखंड में भी मौसम रहेगा सक्रिय
बिहार के पटना, गया, बक्सर, सिवान, सारण, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, किशनगंज, सुपौल और भागलपुर सहित कई जिलों में बारिश हो सकती है। तेज हवा और गरज-चमक के कारण लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। झारखंड में रांची, धनबाद, देवघर, जमशेदपुर, बोकारो, रामगढ़ और लोहरदगा जैसे इलाकों में भी बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है।
पहाड़ों पर बारिश बढ़ाएगी मुश्किल
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी मौसम खराब रहने की संभावना है। नैनीताल, पिथौरागढ़, चमोली, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग और चंपावत में भारी बारिश हो सकती है। हिमाचल के चंबा, कांगड़ा, सिरमौर, कुल्लू, सोलन और शिमला में भी तेज बारिश के आसार हैं। जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में भी बारिश और तेज हवा का असर देखने को मिल सकता है।
राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी अलर्ट
राजस्थान के जयपुर, कोटा, टोंक, अजमेर, सीकर, उदयपुर और चित्तौड़गढ़ सहित कई इलाकों में बारिश और तेज हवा का अनुमान है। मध्य प्रदेश में बालाघाट, डिंडोरी, मंडला, विदिशा, इंदौर, खंडवा, कटनी और खरगोन जैसे जिलों में भारी बारिश हो सकती है। भोपाल में अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री रहने का अनुमान है।
ओडिशा में बहुत भारी बारिश की चेतावनी
पूर्वी भारत में ओडिशा पर मौसम विभाग की खास नजर है। राज्य में 8 अगस्त को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी कई जगह बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। दक्षिण भारत में तटीय कर्नाटक और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में तेज बारिश हो सकती है। केरल, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है।
ये भी पढ़ें: हिमाचल प्रेदेश में यात्रियों से भरी बस खाई में गिरी, 10 लोगों की मौत की सूचना; कई घायल
लोगों को सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को सतर्क रहने को कहा है। तेज बारिश के समय जलभराव वाले रास्तों से बचना बेहतर रहेगा। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और फिसलन का खतरा बढ़ सकता है। तेज हवा के दौरान पेड़ों और कमजोर ढांचों से दूरी रखना जरूरी है। मछुआरों को भी खराब समुद्री परिस्थितियों के बीच समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।











