Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

ईरान में युद्ध जैसे हालात, भारतीय दूतावास ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर और टेलीग्राम लिंक, नागरिकों से सतर्क रहने की अपील

Follow on Google News
ईरान में युद्ध जैसे हालात, भारतीय दूतावास ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर और टेलीग्राम लिंक, नागरिकों से सतर्क रहने की अपील
तेहरान। पश्चिम एशिया में इजराइल और ईरान के बीच लगातार बढ़ते तनाव के बीच ईरान में युद्ध जैसे हालात बन गए हैं। इसी के मद्देनजर ईरान में स्थित भारतीय दूतावास ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कई हेल्पलाइन नंबर और एक टेलीग्राम लिंक जारी किया है। दूतावास ने लोगों से घबराने के बजाय सावधानी बरतने और आधिकारिक चैनलों से जुड़े रहने की अपील की है।

भारतीय नागरिकों को सोशल मीडिया से जुड़े रहने की सलाह

भारतीय दूतावास ने एक्स पर कई पोस्ट करते हुए स्पष्ट किया है कि ईरान में रह रहे भारतीय नागरिक टेलीग्राम लिंक के जरिए दूतावास से सीधे संपर्क में रह सकते हैं। यह लिंक सिर्फ उन्हीं लोगों के लिए है जो वर्तमान में ईरान की सीमा में हैं। दूतावास ने अनुरोध किया है कि सभी भारतीय नागरिक अपनी व्यक्तिगत जानकारी इस लिंक के माध्यम से साझा करें ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके। दूतावास ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर दूतावास द्वारा दिए जा रहे अपडेट्स को लगातार फॉलो करें और किसी भी तरह की अफवाहों या भ्रामक सूचनाओं से दूर रहें।

दूतावास ने कहा- घबराएं नहीं, सतर्क रहें

दूतावास ने एक बयान में कहा है कि ईरान में रह रहे भारतीय नागरिक घबराएं नहीं, बल्कि सतर्कता बरतें। जिन क्षेत्रों में सैन्य तनाव ज्यादा है, वहां अनावश्यक यात्रा और गतिविधियों से बचने की सलाह दी गई है। साथ ही, नागरिकों को दूतावास के संपर्क में बने रहने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता मांगने का निर्देश दिया गया है।

क्या है ऑपरेशन राइजिंग लायन और ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 3

यह घटनाक्रम इजराइल द्वारा ईरान के सैन्य और परमाणु प्रतिष्ठानों पर किए गए हवाई हमले के बाद सामने आया है, जिसे इजराइली सरकार ने ऑपरेशन राइजिंग लायन नाम दिया है। इस ऑपरेशन के तहत इजराइल ने दावा किया है कि वह ईरान द्वारा अपने देश की सुरक्षा को दी जा रही चुनौती को खत्म करने के लिए यह कदम उठा रहा है। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने स्पष्ट किया कि यह मिशन तब तक जारी रहेगा जब तक कि ईरान का खतरा पूरी तरह खत्म न हो जाए। इसके जवाब में ईरान ने ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 3 नामक सैन्य अभियान की शुरुआत की है। ईरानी समाचार एजेंसी इरना के अनुसार, इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने इजरायली फाइटर जेट्स के ईंधन उत्पादन केंद्रों और ऊर्जा सप्लाई यूनिट्स पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं। इन हमलों को सीधे तौर पर इजराइली हमले का बदला बताया गया है।

संपर्क के लिए जारी किए गए नंबर

दूतावास ने ईरान में फंसे भारतीय नागरिकों के लिए कई हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं ताकि आपात स्थिति में त्वरित सहायता मिल सके। कॉल के लिए +98 9128109115 और +98 9128109109 नंबर उपलब्ध हैं। वहीं व्हाट्सएप के लिए +98 901044557, +98 9015993320 और +91 8086871709 नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा बंदर अब्बास के लिए +98 9177699036 और जाहेदान के लिए +98 9396356649 नंबर पर संपर्क करने की सुविधा दी गई है।
Wasif Khan
By Wasif Khan

फिलहाल जुलाई 2024 से पीपुल्स अपडेट में सब-एडिटर हूं। बीते 3 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हूं। 12वीं म...Read More

Latest Posts