Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

युद्ध ने बढ़ाया सोने का दाम, 4 दिन में 2,000 रुपए का उछाल

Follow on Google News
युद्ध ने बढ़ाया सोने का दाम, 4 दिन में 2,000 रुपए का उछाल

भोपाल। इजराइल-फिलिस्तीन युद्ध का असर सोने और चांदी की कीमतों पर दिखाई देने लगा है। सोने के दामों में पिछले चार दिनों में 2000 रुपए तक का उछाल देखा गया है। भोपाल में सोना स्टैंडर्ड 24 कैरेट प्रति 10 ग्राम 59,200 पर था, जो शनिवार को 60,440 रुपए तक पहुंच गया। वहीं, चांदी के दाम 67,095 रुपए से बढ़कर 74,100 रुपए प्रति किग्रा हो गए हैं। भोपाल में 9 अक्टूबर को सोने का दाम 58,200 रुपए प्रति 10 ग्राम था। इसके बाद इसमें लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई। 9 अक्टूबर को ही चांदी के दाम 72,600 रुपए प्रति किग्रा थे, जिसमें 1500 रुपए की वृद्धि हुई।

अंतर्राष्ट्रीय बाजार में भी सोने की कीमतों में इस सप्ताह 7 महीनों की सबसे बड़ी तेजी दर्ज की गई। शुक्रवार तक एक सप्ताह में सोना 3 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,886.40 डॉलर प्रति आउंस (करीब 55,385 रुपए प्रति 10 ग्राम) हो गया।

शेयर बाजार में गिरावट भी एक कारण

इधर, वैश्विक बाजारों में लगातार गिरावट का दौर जारी है। ऐसे में निवेशकों के लिए शेयर खरीदी से बेहतर सोने में निवेश करना होता है। इसलिए निवेशकों का रुझान सोने के प्रति बढ़ रहा है। हालांकि, भारतीय शेयर बाजार में बीते सप्ताह उतार- चढ़ाव का रुख रहा।

दिवाली और शादियों का सीजन

नवरात्र के साथ ही दिवाली और शादियों के सीजन की शुरुआत हो जाती है। लोग धनतेरस में भी सोना- चांदी खरीदने को शुभ मानते हैं। इससे भी इन धातुओं के दामों में उछाल देखने को मिल रहा है। आगे भी इनकी खरीद में बढ़ोतरी की उम्मीद जताई गई है।

70 हजार के पार जा सकता है सोना

सराफा कारोबारियों की मानें तो नवरात्र के बाद शादियों का सीजन शुरू होने जा रहा है। ऐसे में डिमांड बढ़ने का असर कीमतों पर होगा। इससे दिवाली तक सोना 70 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम के पार जा सकता है।

ये कारण हैं प्रमुख

  • नवरात्र के साथ ही फेस्टिव सीजन की शुरुआत में लोगों ने निवेश बढ़ा दिया है।
  • अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ना बंद होने की संभावना से सोने में निवेश करना लोगों को बेहतर लग रहा है।
  • बॉन्ड यील्ड गिरने, डॉलर में तेजी थमने और इजराइल-फिलिस्तीन युद्ध के चलते सोने में निवेश बढ़ने लगा है।

इजराइल-फिलिस्तीन में युद्ध के कारण दाम बढे हैं, क्योंकि सोना इंटरनेशनल करंसी माना जाता है। सोमवार से दाम बढ़ने लगे थे। सोने के दाम युद्ध बढ़ने के साथ बढ़ते जाएंगे। - सुशील धनवानी, अध्यक्ष भोपाल सराफा महासंघ

Javedakhtar Ansari
By Javedakhtar Ansari

Latest Posts