Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

विदिशा: नटेरन में अघोषित बिजली कटौती से किसानों का फूटा गुस्सा, 10 घंटे बिजली की मांग पर धरना

विदिशा जिले के नटेरन DC क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती और पंप लाइनों में पर्याप्त बिजली न मिलने से नाराज किसानों का बुधवार को सब्र का बांध टूट गया। भारतीय किसान संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में किसानों ने बिजली विभाग कार्यालय का घेराव कर करीब 2 घंटे तक धरना-प्रदर्शन किया।
विदिशा: नटेरन में अघोषित बिजली कटौती से किसानों का फूटा गुस्सा, 10 घंटे बिजली की मांग पर धरना
नटेरन में अघोषित बिजली कटौती से किसानों का फूटा गुस्सा

विदिशा। किसानों ने कहा कि पंप लाइनों में भारी अघोषित कटौती के कारण धान की फसलों की सिंचाई पूरी तरह ठप पड़ गई है। समय पर पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारी किसानों ने खेती के लिए 10 घंटे लगातार बिजली देने की मांग को लेकर बिजली विभाग कार्यालय में डेरा डाल दिया। 

बिजली विभाग कार्यालय का किया घेराव

भारतीय किसान संघ के बैनर तले क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसानों और भारतीय किसान संघ नटेरन तहसील इकाई के पदाधिकारियों ने स्थानीय विद्युत वितरण कंपनी कार्यालय का शंखनाद कर घेराव किया। आक्रोशित किसानों ने बिजली विभाग कार्यालय प्रांगण में ही डेरा डाल दिया और करीब 2 घंटे तक धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान किसान अपनी मांगों को लेकर लगातार बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश जताते रहे।

ये भी पढ़ें: सिंधिया राजपरिवार के संपत्ति विवाद में अंतरिम आवेदनों पर बहस पूरी, 14 अक्टूबर को आएगा फैसला

जेई ने किसानों को दिया लिखित आश्वासन

धरना-प्रदर्शन की स्थिति को देखते हुए नटेरन विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता लालेराम खैरवार मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे किसानों और भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चली तीखी चर्चा और समझाइश के बाद जेई ने किसानों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए लिखित आश्वासन पत्र सौंपा। इसमें बिजली आपूर्ति में तुरंत सुधार करने और पर्याप्त बिजली देने के प्रयास करने की बात कही गई।

आश्वासन के बाद दो घंटे का धरना समाप्त

लिखित आश्वासन मिलने के बाद भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों और किसानों ने अपना करीब 2 घंटे लंबा धरना-प्रदर्शन समाप्त किया। भारतीय किसान संघ तहसील इकाई नटेरन के अध्यक्ष बालमुकुंद तिवारी ने कहा कि अघोषित बिजली कटौती से किसान पूरी तरह त्रस्त हो चुका है और पंप लाइन में पर्याप्त बिजली न मिलने से फसलें प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि लिखित आश्वासन के बाद भी सुधार नहीं हुआ तो भारतीय किसान संघ इससे बड़ा उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

Breaking News

बिजली सुधार के लिए विभाग ने जताई प्रतिबद्धता

जेई लालेराम खैरवार ने बताया कि किसानों की समस्याओं को सुना गया है और तकनीकी कारणों और लोड शेडिंग की वजह से जो दिक्कतें आ रही थीं, उन्हें जल्द दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी मांग के अनुसार सुचारू रूप से बिजली उपलब्ध कराने के लिए विभाग प्रतिबद्ध है और किसानों को लिखित आश्वासन दे दिया गया है। धरना-प्रदर्शन में नटेरन तहसील इकाई के भारतीय किसान संघ पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Ram Tiwari
By Ram Tiwari

Latest Posts