विदिशा में कांग्रेस ने मनाया काला दिवस, राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में निकाला प्रदर्शन
विदिशा। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की बार-बार गिरफ्तारी के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी और नगर कांग्रेस ने विदिशा में प्रदर्शन कर काला दिवस मनाया। कांग्रेस कार्यकर्ता काले कपड़े पहनकर माधवगंज चौराहे पर एकत्रित हुए और नारेबाजी करते हुए मुख्य मार्ग से तिलक चौक तक पहुंचे।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध का अलग तरीका अपनाया। कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का प्रतीकात्मक पुतला ठेले पर रखा। इसके साथ परात में पानी, काले-सफेद तिल, दूध और सफेद फूल रखे गए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कुशा के जरिए प्रतीकात्मक तर्पण करते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान सड़क से गुजर रहे लोगों और आसपास मौजूद लोगों के बीच यह प्रदर्शन चर्चा का विषय बना रहा।
कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर लगाए आरोप
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित रघुवंशी ने कहा कि राहुल गांधी जनता की आवाज उठाने के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी वजह से सरकार उन्हें बार-बार गिरफ्तार कर उनकी आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।
पूर्व सांसद प्रताप भानु शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी रुकने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस अपना संघर्ष जारी रखेगी। नगर कांग्रेस अध्यक्ष रवि साहू ने कहा कि यदि मुख्य चुनाव आयुक्त की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो गए हैं तो उन्हें पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं है।
ये भी पढ़ें: सोहागपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता हुए शामिल
कांग्रेस प्रवक्ता सुशील शर्मा ने बताया कि प्रदर्शन में पूर्व सांसद प्रताप भानु शर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए अपनी मांगें उठाईं।
प्रदर्शन में कमल सिलाकारी, रणधीर सिंह ठाकुर, बसंत जैन, अनुमा आचार्य, महेंद्र वर्मा, सुभाष बोहत, लक्ष्मण सिंह रघुवंशी, महेंद्र यादव, पंकज जैन, गोविंद भार्गव, अर्पित उपाध्याय, नीतू सिंह राजपूत, प्रियंका किरार, प्रभु दयाल यादव, रूप सिंह किरार, जिनेश जैन टिंग्गी, प्रवीण वसीय, राजेश दुबे, सुजीत देवालिया, विनीत दांगी, बाबूलाल वर्मा, आशीष माहेश्वरी, मो. असरफ खान, सुनील दांगी, अंकुर गुप्ता, राजकुमार पांसी, संजय यादव, सुंदर सिंह दांगी, प्रसंग जैन, बंटी सक्सैना, अन्नू जैन, नवनीत कुशवाहा, जितेंद्र तिवारी, विशाल सक्सैना, मानव ताम्रकार, जावेद मंसूरी, पर्वत गौण, कालूराम मेना, इमरान जावेद, असलम पटेल, अंसार खान, शिवेंद्र प्रताप, शशांक जैन, संगीता चंद्रावल, शिखा शर्मा, संतोष चिढ़ार, महेश पाल, श्याम रघुवंशी, राहुल रघुवंशी, बाबू पाल, जवाहर कुशवाहा, जीवन सिंह सेन, रीना राजपूत, गोलू शर्मा, कपिल गोस्वामी, नवीन शर्मा और वीरू यादव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।






















