Rituraj Singh Death : टीवी एक्टर ऋतुराज का निधन, कार्डियक अरेस्ट से हुई मौत; 59 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

एंटरटेनमेंट डेस्क। फेमस टीवी एक्टर ऋतुराज सिंह का निधन हो गया है। 59 की उम्र में एक्टर ने इस दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया है। सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात कार्डियक अरेस्ट के चलते उनका निधन हो गया। ऋतुराज कुछ समय से पैनक्रिया की बीमारी से जूझ रहे थे। एक्टर के दोस्त अमित बहल ने उनकी मौत होने की पुष्टि की। उन्होंने 1993 में टीवी पर प्रसारित कई भारतीय टीवी शोज में अलग-अलग भूमिकाएं निभाईं थीं। अभिनेता के अचानक निधन की खबर सुनकर सभी शॉक हो गए हैं।
ऋतुराज के दोस्त अमित ने की पुष्टि
एक्टर ऋतुराज सिंह आखिरी बार 'अनुपमा सीरियल' और 'इंडियन पुलिस फोर्स' में दिखाई दिए। एक्टर के निधन की खबर उनके करीबी दोस्त अमित बहल ने कंफर्म की है। अमित बहल ने बताया- 'हां उनका कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया है। वह कुछ समय पहले पैनक्रियास का इलाज कराने के लिए अस्पताल में भर्ती हुए थे। इलाज के बाद वह घर भी लौट आए थे लेकिन कार्डियक (हार्ट) संबंधी कुछ परेशानियां थीं और वह अब नहीं रहे।'
सोशल मीडिया पर फैंस दे रहे हैं श्रद्धांजलि
सोशल मीडिया पर फैंस से लेकर टीवी की दिग्गज हस्तियां एक्टर को श्रद्धांजलि दे रही हैं। एक यूजर ने लिखा, 'सुलझे हुए अभिनेता को ऊपर वाले ने जल्दी बुला लिया।' दूसरे ने लिखा, 'भगवान उनकी आत्मा को शांति दें।' एक और यूजर ने लिखा, 'अनुपमा में उनका अभिनय सराहनीय रहा है। मैं उनकी वजह से ही शो देखता था। यह कोई उम्र नहीं थी जाने की।'




















