Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Venezuela Earthquake:वेनेजुएला में भूकंप से भारी तबाही, 10,000 से ज्यादा मौतों की आशंका, सुनामी अलर्ट जारी

वेनेजुएला में कुछ ही मिनटों के अंतराल में आए 7.1 और 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंपों ने भारी तबाही मचा दी है। राजधानी काराकस समेत कई शहरों में इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं, लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए और कई इलाकों में राहत-बचाव कार्य जारी है।
वेनेजुएला में भूकंप से भारी तबाही, 10,000 से ज्यादा मौतों की आशंका, सुनामी अलर्ट जारी

काराकस। दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में आए दो शक्तिशाली भूकंपों ने भारी तबाही मचा दी। कुछ ही मिनटों के अंतराल में आए इन झटकों ने राजधानी काराकस समेत कई शहरों को हिला कर रख दिया। भूकंप के बाद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और हजारों लोग अपने घरों और दफ्तरों से बाहर निकलकर सड़कों पर आ गए।

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार पहला भूकंप 7.1 तीव्रता का था, जबकि कुछ ही देर बाद 7.5 तीव्रता का दूसरा और अधिक शक्तिशाली भूकंप आया। दोनों भूकंपों का केंद्र वेनेजुएला के कैरेबियन तट के पास स्थित मोरोन क्षेत्र के आसपास था। USGS ने शुरुआती अनुमान में कहा है कि इस भीषण आपदा में मरने वालों की संख्या 10 हजार से अधिक हो सकती है। हालांकि वेनेजुएला सरकार ने अभी तक मृतकों और घायलों का आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया है।

राष्ट्रपति ने लगाया इमरजेंसी

बढ़ते नुकसान और लोगों की सुरक्षा को देखते हुए अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने पूरे देश में आपातकाल (इमरजेंसी) की घोषणा कर दी है। उन्होंने बताया कि राजधानी काराकास के पास स्थित माइक्वेटिया इंटरनेशनल एयरपोर्ट को भारी नुकसान पहुंचा है, जिसके चलते उसे तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है। एयरपोर्ट के रनवे और अन्य महत्वपूर्ण ढांचों को गंभीर क्षति पहुंचने की आशंका जताई गई है। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्यों को तेज कर दिया है, जबकि लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

काराकस में दिखा तबाही का खौफनाक मंजर

भूकंप के झटके सबसे ज्यादा राजधानी काराकस में महसूस किए गए। कई इलाकों में इमारतें जोर-जोर से हिलने लगीं। लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों, दफ्तरों और बाजारों से बाहर भागते दिखाई दिए। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कई इमारतों को क्षतिग्रस्त हालत में देखा जा सकता है। कुछ जगहों पर दीवारें गिर गईं, जबकि कई इमारतों के हिस्से ढह गए। कई इलाकों में धूल के बड़े-बड़े गुबार उठते दिखाई दिए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ इमारतों की बाहरी दीवारें पूरी तरह टूट गईं, जिससे अंदर रखा फर्नीचर और सामान सड़क से ही दिखाई देने लगा। लोगों ने बताया कि उन्होंने अपने जीवन में इतना भयावह भूकंप पहले कभी महसूस नहीं किया।

Twitter Post

भूकंप का केंद्र मोरोन क्षेत्र के पास

USGS के मुताबिक पहला भूकंप मोरोन बस्ती से लगभग 28 किलोमीटर पश्चिम में आया था। इसकी गहराई करीब 13 किलोमीटर थी। इसके कुछ मिनट बाद दूसरा भूकंप आया, जिसकी तीव्रता 7.5 दर्ज की गई। दूसरे भूकंप की गहराई लगभग 10 किलोमीटर थी। विशेषज्ञों का कहना है कि कम गहराई वाले भूकंप आमतौर पर ज्यादा नुकसान पहुंचाते हैं क्योंकि इनके झटके जमीन की सतह पर अधिक तीव्रता से महसूस होते हैं। यही वजह है कि इस भूकंप से बड़े पैमाने पर नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।

एयरपोर्ट और कई महत्वपूर्ण इमारतों को नुकसान

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार भूकंप से कई सरकारी और निजी इमारतों को नुकसान पहुंचा है। कुछ क्षेत्रों में सड़कें टूट गई हैं और बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई है।

कई जगहों पर संचार सेवाएं बाधित होने की खबरें सामने आई हैं। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक कुछ हवाई अड्डों के ढांचे को भी नुकसान पहुंचा है, जिससे उड़ान सेवाओं पर असर पड़ सकता है। बचाव दल लगातार प्रभावित इलाकों में पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। कई स्थानों पर मलबे में लोगों के फंसे होने की आशंका है।

यह भी पढ़ें: ईरान की ना-नुकुर के बीच IAEA चीफ का बड़ा बयान, बोले- परमाणु ठिकानों का निरीक्षण होकर रहेगा

सुनामी की चेतावनी जारी

भूकंप के बाद अमेरिकी पैसिफिक सुनामी वॉर्निंग सेंटर ने कैरेबियन क्षेत्र के कई हिस्सों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की है। खास तौर पर प्यूर्टो रिको और वर्जिन आइलैंड्स के लिए अलर्ट जारी किया गया। विशेषज्ञों का कहना है कि समुद्र के नीचे या तटीय क्षेत्रों के पास आने वाले बड़े भूकंप सुनामी का कारण बन सकते हैं। इसी वजह से तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने के लिए कहा गया है। हालांकि राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी बड़े सुनामी हमले की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन निगरानी लगातार जारी है।

कई लोग घायल, अस्पतालों में बढ़ी भीड़

भूकंप के बाद कई लोगों के घायल होने की खबरें सामने आई हैं। घायल लोगों को नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया जा रहा है। कुछ अस्पतालों में मरीजों की संख्या अचानक बढ़ जाने के कारण अतिरिक्त व्यवस्था की जा रही है।

स्थानीय प्रशासन ने मेडिकल टीमों और आपदा राहत बलों को अलर्ट पर रखा है। डॉक्टरों और आपातकालीन सेवाओं को चौबीसों घंटे काम करने के निर्देश दिए गए हैं। मलबे में फंसे लोगों को निकालने की कोशिश कर रहे हैं। कई इलाकों में राहत अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है।

गृह मंत्री ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की

वेनेजुएला के गृह मंत्री डियोसदादो कैबेलो ने बताया कि भूकंप के झटके देश के कई राज्यों में महसूस किए गए हैं। उन्होंने कहा कि राजधानी के अल्तामिरा इलाके में स्थिति सबसे ज्यादा चिंताजनक बनी हुई है, जहां कई घरों और इमारतों को नुकसान पहुंचा है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे फिलहाल घरों के अंदर जाने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें। उनका कहना है कि आफ्टरशॉक्स यानी भूकंप के बाद आने वाले झटके अभी भी आ सकते हैं और कमजोर हो चुकी इमारतों को और नुकसान पहुंचा सकते हैं। गृह मंत्री ने नागरिकों से बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने को कहा। साथ ही लोगों से अपने रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क कर उनकी सुरक्षा की जानकारी लेने की भी अपील की।

राहत और बचाव कार्य जारी

सरकार, सेना, पुलिस और आपदा प्रबंधन एजेंसियां मिलकर राहत और बचाव अभियान चला रही हैं। प्रभावित इलाकों में आपातकालीन टीमें भेजी गई हैं। मलबा हटाने का काम तेजी से किया जा रहा है ताकि फंसे हुए लोगों को जल्द से जल्द बाहर निकाला जा सके। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन भी तैनात किए जाएंगे।

यह भी पढ़ें: Ali Khamenei's Funeral : पांच दिन चलेगा अली खामेनाई का अंतिम संस्कार, ईरान ने PM मोदी को भेजा न्योता

मौतों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका

हालांकि अभी तक आधिकारिक तौर पर मृतकों की संख्या जारी नहीं की गई है, लेकिन USGS के शुरुआती अनुमान ने चिंता बढ़ा दी है। माना जा रहा है कि इस विनाशकारी भूकंप में मरने वालों की संख्या 10 हजार से ज्यादा हो सकती है। बड़ी संख्या में इमारतों के क्षतिग्रस्त होने और कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका के चलते आने वाले दिनों में नुकसान का आंकड़ा सामने आ सकेगा।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...

Latest Posts