Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

खराब मौसम के कारण चार धाम यात्रा दो दिन के लिए स्थगित, मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट

उत्तराखंड में बारिश और खराब मौसम के रेड अलर्ट को देखते हुए चारधाम यात्रा को अगले दो दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 26 सितंबर की दोपहर से 27 सितंबर तक यात्रा पर रोक रहेगी।
खराब मौसम के कारण चार धाम यात्रा दो दिन के लिए स्थगित, मौसम विभाग ने जारी किया  रेड अलर्ट
खराब मौसम के कारण चार धाम यात्रा दो दिन के लिए स्थगित

मौसम विज्ञान केंद्र और राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की ओर से जारी खराब मौसम के पूर्वानुमान के बाद चारधाम यात्रा स्थगित करने का फैसला लिया गया है। चारधाम यात्रा प्रबंधन एवं नियंत्रण संगठन ने गढ़वाल मंडल के सभी जिलाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मौसम सामान्य होने के बाद यात्रा दोबारा शुरू करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

रेड अलर्ट के चलते यात्रा पर रोक

मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी रेड अलर्ट और खराब मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए चारधाम यात्रा अस्थायी रूप से स्थगित की गई है। अधिकारियों के अनुसार शनिवार और रविवार चारधाम यात्रा स्थगित रहेगी। देश-विदेश से दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।

ये भी पढ़ें: ट्रेन टिकट नहीं मिला तो भी मुआवजा नहीं होगा खारिज, सुप्रीम कोर्ट से 8 लाख की रकम बहाल

जिलाधिकारियों को जारी किए गए निर्देश

चारधाम यात्रा प्रबंधन एवं नियंत्रण संगठन, चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप ऋषिकेश की ओर से गढ़वाल मंडल के सभी जिलाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। निर्देशों में मौसम विज्ञान केंद्र से प्राप्त सूचना और उत्तराखंड राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के पूर्वानुमान का हवाला दिया गया है। सभी जिलाधिकारियों को अपने-अपने जनपदों में जरूरी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

शनिवार को पांच जिलों में रेड अलर्ट

मौसम विभाग ने 26 सितंबर के लिए उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में बारिश को लेकर रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। शनिवार को बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल और उधम सिंह नगर में भारी बारिश का रेड अलर्ट है। देहरादून, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, चमोली और अल्मोड़ा में ऑरेंज अलर्ट, जबकि हरिद्वार, उत्तरकाशी और टिहरी में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

Breaking News

रविवार को चार जिलों में रेड अलर्ट

27 सितंबर यानी रविवार के लिए देहरादून, टिहरी, पौड़ी और हरिद्वार में रेड अलर्ट जारी किया गया है। उत्तरकाशी, चमोली, नैनीताल और रुद्रप्रयाग के लिए ऑरेंज अलर्ट और बागेश्वर, अल्मोड़ा, चंपावत, उधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ के लिए येलो अलर्ट है। खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने यात्रियों से सतर्क रहने और मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेकर ही जरूरी यात्रा करने की अपील की है।

एहतियात के तौर पर कई जिलों में स्कूल बंद

शनिवार को एहतियात के तौर पर बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल और रुद्रप्रयाग जिलों में सभी स्कूल बंद रहे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने निवासियों और पर्यटकों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने रेड अलर्ट के दौरान गैर-जरूरी यात्रा से बचने और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी सलाह का सख्ती से पालन करने को कहा है।

ये भी पढ़ें: बैतूल के दिव्यांग तैराक रामबरन पाल ने फतह किया इंग्लिश चैनल! 21 घंटे 20 मिनट तक तैरकर पहुंचे फ्रांस

मौसम सामान्य होने पर फिर शुरू होगी यात्रा

प्रशासन की ओर से यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फिलहाल चारधाम यात्रा को स्थगित रखने का फैसला लिया गया है। अधिकारियों ने कहा है कि मौसम सामान्य होने के बाद चारधाम यात्रा दोबारा शुरू करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। यात्रियों से अपील की गई है कि वे मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही यात्रा की योजना बनाएं।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...Read More

Latest Posts