आजमगढ़ में पत्नी-बेटे और दो पुजारियों की हत्या, एनकाउंटर में मारा गया आरोपी

आजमगढ़। करीब 7 घंटे बाद अरविंद ने एक बेटे पर भी गोली चला दी। इसके बाद ATS और SOG की टीम ने कमरे में घुसकर उसे घेर लिया, जहां जवाबी कार्रवाई में उसकी मौत हो गई। घटना आजमगढ़ जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर अहिरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गहजी गांव की है। पुलिस के मुताबिक, परिवार को शक था कि अरविंद को उसके भाई सुनील की आत्मा परेशान कर रही है। इसी वजह से पत्नी बबीता और मां कमला देवी महामृत्युंजय जाप करा रही थीं। इससे अरविंद नाराज था और मंगलवार शाम करीब 6 बजे इसी बात को लेकर पत्नी से विवाद हो गया।
पुजारियों से कहासुनी के बाद की फायरिंग
बहस के दौरान अरविंद ने पत्नी से कहा कि तेरे चक्कर में मेरे भाई की हत्या हो गई और अब तू यहां ड्रामा कर रही है। इसके बाद उसने दोनों पुजारियों से आधार कार्ड मांगा और उनसे भी कहासुनी करने लगा। गुस्से में वह कमरे से लाइसेंसी रिवॉल्वर लेकर आया और पत्नी बबीता और पुजारी महेंद्र पाठक और अखिलेश मिश्रा को गोली मार दी।
ये भी पढ़ें: QR पर काला कपड़ा, UPI का विरोध... MP में व्यापारियों का ‘नो-UPI डे’
तीन बच्चों को कमरे में बनाया बंधक
हत्या के बाद अरविंद ने अपने तीन बच्चों को कमरे में बंधक बना लिया। सूचना मिलने पर 10 थानों की पुलिस मौके पर पहुंची तो उसने बच्चों को मारने की धमकी दी। स्थिति बिगड़ती देख ATS और SOG के 45 जवानों को बुलाया गया। टीम लगातार उसे सरेंडर करने के लिए समझाती रही।
बेटे पर गोली चलाते ही टीम ने की कार्रवाई
रात करीब 1 बजे अरविंद ने अपने एक बच्चे पर गोली चला दी। इसके बाद टीम ने स्मोक ग्रेनेड और टियर गैस छोड़ी और दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया। अरविंद ने जवानों पर लाइसेंसी रिवॉल्वर से 6 राउंड फायर किए। जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया।
परिवार में अब मां और दो बेटियां बचीं
मृतकों में अरविंद सिंह (42), पत्नी बबीता (40), बेटा शौर्य (9), पुजारी महेंद्र पाठक (60) और अखिलेश मिश्रा (55) शामिल हैं। परिवार में अब अरविंद की मां कमला देवी (70), बेटी परी (5) और 7 महीने की शांभवी बची हैं। दोपहर करीब डेढ़ बजे पोस्टमॉर्टम के बाद शव घर लाए गए और अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू हो गईं। घर के बाहर पुलिस फोर्स तैनात है।
ये भी पढ़ें: भोपाल में लेडी कॉन्स्टेबल के पति की मौत, कपड़ों में मिला सुसाइड नोट
आठ साल पहले भाई की हुई थी हत्या
पुलिस के मुताबिक, अरविंद कोई काम नहीं करता था। करीब 8 साल पहले उसके भाई सुनील की चचेरे भाइयों मनीष और अविनाश ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। बताया जा रहा है कि अरविंद की पत्नी बबीता का मनीष के साथ अफेयर था। इसका पता चलने पर सुनील ने मनीष के खिलाफ चोरी और छेड़खानी की शिकायत की थी।



















