फोटो के चक्कर में गई जान! इंस्टाग्राम रील देखकर तेलंगाना की खदान पहुंचे छात्र की डूबने से मौत

तेलंगाना के मेडचल-मलकाजगिरी जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इन्स्टाग्राम रील्स देखकर एक खूबसूरत जगह पर फोटो खिंचवाने पहुंचे 18 वर्षीय बीटेक छात्र की पानी से भरी खदान में डूबने से मौत हो गई। मृतक छात्र की पहचान पवन साई के रूप में हुई है, जो द गीतांजलि इंजीनिएरिंग कॉलेज में बीटेक प्रथम वर्ष का छात्र था।
रील्स देखने के बाद घूमने पहुंचे थे 12 छात्र
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार को कॉलेज के 12 छात्रों का एक ग्रुप घूमने निकला था, जिसमें 3 छात्राएं भी शामिल थीं। इन सभी छात्रों ने इंस्टाग्राम पर एक रील देखी थी, जिसमें इस खदान को फोटोग्राफी के लिए बेहद खूबसूरत लोकेशन के रूप में दिखाया गया था। सोशल मीडिया के इसी आकर्षण में आकर सभी छात्र मेडचल-मलकाजगिरी जिले की इस खदान पर पहुंच गए।
कैसे हुआ यह हादसा?
खदान के पास पहुंचने के बाद दो छात्र पानी में उतर गए और एक चट्टान पर बैठकर फोटो खिंचवाने लगे। कुछ देर बाद, पवन साई पास स्थित दूसरी चट्टान की ओर जाने लगा और उसने दोस्तों से कहा कि वह वहां तक जाकर वापस आ जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक, पवन साई को तैरना नहीं आता था। जब उसने तैरकर वापस लौटने की कोशिश की, तो वह गहरे पानी में डूबने लगा और देखते ही देखते पानी में समा गया।
HYDRAA की टीम ने निकाला शव
घटना की जानकारी शुक्रवार शाम को जवाहर नगर पुलिस और बचाव दल को दी गई। इसके बाद हैदराबाद डिजास्टर रिस्पॉन्स एंड एसेट प्रोटेक्शन एजेंसी (HYDRAA) की डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (DRF) की दो टीमें मौके पर पहुंचीं। रात के अंधेरे और खड़ी चट्टानों के बावजूद, बचाव प्रभारी पी. स्वामी के नेतृत्व में टीम ने नाव की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया और करीब 10 मिनट के भीतर पवन साई के शव को बाहर निकाल लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।




















