लखनऊ में स्वाइन फ्लू से पहली मौत, 50 साल की महिला ने इलाज के दौरान तोड़ा दम

उत्तर प्रदेश के लखनऊ में इस सीजन में स्वाइन फ्लू से पहली मौत सामने आई है। इंदिरानगर की 50 वर्षीय महिला ने बलरामपुर अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मौत के बाद स्वाइन फ्लू की पॉजिटिव रिपोर्ट सामने आई, जिसके बाद 17 डॉक्टरों-कर्मचारियों और कुछ मरीजों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
लखनऊ में स्वाइन फ्लू से पहली मौत, 50 साल की महिला ने इलाज के दौरान तोड़ा दम

उत्तर प्रदेश में स्वाइन फ्लू को लेकर चिंता बढ़ गई है। लखनऊ में इस सीजन में स्वाइन फ्लू से पहली मौत सामने आई है। इंदिरानगर की रहने वाली 50 वर्षीय महिला ने गुरुवार को बलरामपुर अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

सर्दी-जुकाम और सांस लेने में थी परेशानी

जानकारी के मुताबिक, महिला को कुछ दिन पहले सर्दी-जुकाम, बुखार और सांस लेने में परेशानी हुई थी। परिवार ने शुरुआत में उनका इलाज एक निजी अस्पताल में कराया। लक्षणों को देखते हुए स्वाइन फ्लू की जांच कराई गई। 24 अगस्त को निजी पैथोलॉजी की रिपोर्ट में महिला के स्वाइन फ्लू से संक्रमित होने की बात सामने आई। इसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर ले जाने की सलाह दी।

25 अगस्त को बलरामपुर अस्पताल में भर्ती

परिवार ने 25 अगस्त को महिला को बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया। आरोप है कि भर्ती के दौरान परिवार ने डॉक्टरों और अस्पताल के कर्मचारियों को महिला की स्वाइन फ्लू पॉजिटिव रिपोर्ट के बारे में जानकारी नहीं दी। अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की सांस लेने की परेशानी लगातार बढ़ती गई। हालत गंभीर होने पर उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट और जीवनरक्षक उपकरणों पर रखा गया, लेकिन गुरुवार दोपहर करीब ढाई बजे उनकी मौत हो गई।

Swine Flu

मौत के बाद सामने आई पॉजिटिव रिपोर्ट

महिला की मौत के बाद परिवार ने डॉक्टरों को मोबाइल फोन पर स्वाइन फ्लू की रिपोर्ट दिखाई। रिपोर्ट सामने आते ही अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। एहतियात के तौर पर महिला के आसपास भर्ती मरीजों के सैंपल लिए गए। उनके इलाज में शामिल 17 डॉक्टरों और कर्मचारियों के साथ कुछ मरीजों के नमूने भी जांच के लिए KGMU भेजे गए हैं। वहीं, महिला के इलाज में शामिल डॉक्टरों और कर्मचारियों को आइसोलेट रहने की सलाह दी गई है।

एलाइजा जांच से होगी स्थिति साफ

सीएमओ डॉ. एनबी सिंह के मुताबिक, महिला की रिपोर्ट किस जांच के आधार पर पॉजिटिव आई थी, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने बताया कि संक्रमण की पुष्टि के लिए एलाइजा जांच की रिपोर्ट जरूरी होती है। स्वास्थ्य विभाग अब मामले से जुड़ी पूरी जानकारी जुटा रहा है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

परिवार और संपर्क में आए लोगों की निगरानी

स्वास्थ्य विभाग की टीम महिला के संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाएगी। टीम यह भी पता लगाएगी कि पिछले दिनों महिला किन जगहों पर गई थीं और किन लोगों के संपर्क में आई थीं। परिवार के अन्य सदस्यों को फिलहाल आइसोलेट रहने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विभाग ने उन्हें जरूरी दवाएं उपलब्ध कराने के साथ सावधानी बरतने को कहा है। अधिकारियों ने सलाह दी है कि परिवार या संपर्क में आए किसी व्यक्ति को सर्दी-जुकाम, बुखार, खांसी या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts