सोहागपुर में निर्माण कार्यों का कार्यपालन यंत्री मीनाक्षी चौधरी ने किया औचक निरीक्षण, पेयजल व्यवस्था सुधारने के निर्देश
सोहागपुर। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, नर्मदापुरम जिले की कार्यपालन यंत्री मीनाक्षी चौधरी ने गुरुवार को नगर सोहागपुर में संचालित विभिन्न निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
फिल्टर प्लांट की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान कार्यपालन यंत्री ने नगर परिषद के फिल्टर प्लांट का भी अवलोकन किया। आगामी ग्रीष्मकालीन मौसम को ध्यान में रखते हुए उन्होंने नगर में सुचारू एवं निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए समय रहते आवश्यक तैयारियां पूरी करने पर जोर दिया।
साथ ही फिल्टर प्लांट की व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने, आवश्यक रखरखाव तथा पेयजल व्यवस्था से जुड़े कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
सोहागपुर में सड़क पर पानी बहाने वाले दुकानदारों पर नगर परिषद की कार्रवाई, लगाया जुर्माना
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर दिया जोर
उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा करने की बात कही, ताकि नगरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। निरीक्षण के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी धर्मेंद्र शर्मा एवं उपयंत्री बृजेश खानोरकर उपस्थित रहे।






















