PU Special :मप्र खाद्य निगम पर एक लाख करोड़ से ज्यादा की बैंक उधारी, हर दिन 27.43 करोड़ रुपए ब्याज का बोझ

अशोक गौतम, भोपाल। मध्यप्रदेश में समर्थन मूल्य पर गेहूं, धान और अन्य फसलों की खरीदी से लेकर सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के जरिए गरीबों को अनाज उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी संभाल रहे खाद्य, नागरिक एवं उपभोक्ता संरक्षण निगम की वित्तीय स्थिति लगातार दबाव में है। निगम पर बैंक की उधारी का आंकड़ा एक लाख करोड़ रुपए के पार पहुंच गया है। इस कर्ज पर करीब 10 प्रतिशत सालाना ब्याज दर के हिसाब से 10,013.6 करोड़ रुपए चुकाने पड़ रहे हैं। यानी निगम पर हर दिन औसतन 27.43 करोड़ रुपए का ब्याज बोझ है। दूसरी ओर केंद्र और राज्य सरकारों से निगम को 41,229 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि मिलना बाकी है। इसके अलावा 55,781.82 करोड़ रुपए का खाद्यान्न स्टॉक भी निगम के वित्तीय लेखे-जोखे में दर्ज है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, यह स्थिति वर्ष 2022-23 तक की है। इसके बाद के वर्षों में उधारी और वित्तीय दबाव कितना बढ़ा है, इसका नया लेखा-जोखा सामने आने पर ही स्पष्ट होगा।
बैंक उधारी 1 लाख करोड़ के पार
निगम की वित्तीय स्थिति का सबसे बड़ा दबाव उसकी बैंक उधारी है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक निगम पर बैंकों का कुल कर्ज 1,00,136.02 करोड़ रुपए है। इस पर करीब 10 प्रतिशत की दर से सालाना 10,013.6 करोड़ रुपए ब्याज चुकाना पड़ रहा है। इस हिसाब से निगम को हर महीने करीब 834.46 करोड़ रुपए और हर दिन औसतन 27.43 करोड़ रुपए केवल ब्याज के रूप में देने पड़ रहे हैं। इतनी बड़ी राशि ब्याज में खर्च होने से निगम पर वित्तीय दबाव लगातार बना हुआ है।
केंद्र और राज्य सरकार से 41,229 करोड़ रुपए से ज्यादा की लेनदारी
एक तरफ निगम पर बैंकों की भारी उधारी है, तो दूसरी तरफ केंद्र और राज्य सरकारों से बड़ी रकम का भुगतान मिलना बाकी है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार केंद्र सरकार से निगम को 20,596.87 करोड़ रुपए और राज्य सरकार से 20,632.42 करोड़ रुपए लेने हैं। इस तरह दोनों सरकारों से कुल 41,229.29 करोड़ रुपए की राशि बकाया है। यदि यह भुगतान समय पर मिल जाए तो निगम की वित्तीय स्थिति को कुछ राहत मिल सकती है। फिलहाल भुगतान अटके होने के कारण बैंक की उधारी और उस पर ब्याज का बोझ बना हुआ है।
खाद्यान्न स्टॉक में 55,781 करोड़ रुपए की रकम फंसी
निगम की वित्तीय स्थिति में खाद्यान्न स्टॉक की भी बड़ी हिस्सेदारी है। उपलब्ध आंकड़ों में निगम के पास 55,781.82 करोड़ रुपए का स्टॉक वैल्यू दर्ज है। यह राशि खाद्यान्न की खरीदी और भंडारण से जुड़ी है। इसके अलावा राज्य शासन को प्रस्तुत किए जाने वाले दावों और देयताओं के बीच 3,124.51 करोड़ रुपए का अंतर भी दर्ज है। इस तरह निगम की बड़ी रकम खाद्यान्न खरीदी, भंडारण और सरकारों से भुगतान की प्रक्रिया में फंसी हुई है।
दावों की मंजूरी नहीं मिलने से बढ़ रहा वित्तीय संकट
निगम की आर्थिक परेशानी की एक बड़ी वजह केंद्र और राज्य सरकारों से जुड़े दावों का लंबित रहना है। इन दावों में गेहूं, धान और मोटे अनाज की खरीदी से संबंधित भुगतान शामिल हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री कृषक फसल सहायता योजना के तहत फसल नुकसान की क्षतिपूर्ति से जुड़े दावे भी निगम की वित्तीय गणना का हिस्सा हैं। केंद्र सरकार की ओर से आवंटन से अधिक खाद्यान्न वितरण और अन्य कारणों से अस्वीकृत किए गए दावों की राशि भी निगम के खाते पर दबाव बढ़ा रही है। दावों की मंजूरी और भुगतान में देरी के कारण निगम को अपनी वित्तीय जरूरतें पूरी करने के लिए बैंक से उधारी लेनी पड़ रही है।
आंकड़ों में निगम की वित्तीय स्थिति
|
मद |
राशि |
|---|---|
|
बैंक उधारी |
1,00,136.02 करोड़ रुपए |
|
सालाना ब्याज का बोझ |
10,013.6 करोड़ रुपए |
|
रोजाना ब्याज |
27.43 करोड़ रुपए |
|
केंद्र सरकार से लेनदारी |
20,596.87 करोड़ रुपए |
|
राज्य सरकार से लेनदारी |
20,632.42 करोड़ रुपए |
|
केंद्र और राज्य से कुल लेनदारी |
41,229.29 करोड़ रुपए |
|
खाद्यान्न स्टॉक की वैल्यू |
55,781.82 करोड़ रुपए |
|
दावों और देयताओं का अंतर |
3,124.51 करोड़ रुपए |
किसानों से खरीदी और गरीबों तक अनाज पहुंचाने की जिम्मेदारी
निगम की जिम्मेदारी केवल किसानों से समर्थन मूल्य पर खाद्यान्न खरीदने तक सीमित नहीं है। उसे खरीदे गए अनाज के भंडारण और सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से जरूरतमंदों तक खाद्यान्न पहुंचाने का काम भी करना होता है। इस पूरी प्रक्रिया में बड़ी रकम की जरूरत पड़ती है। एक तरफ किसानों से खरीदी और वितरण के लिए लगातार खर्च करना पड़ रहा है, वहीं दूसरी तरफ केंद्र और राज्य सरकारों से संबंधित दावों का भुगतान अटका हुआ है। ऐसे में निगम को बैंक से कर्ज लेकर कामकाज चलाना पड़ रहा है। इसका सीधा असर ब्याज के बढ़ते बोझ के रूप में सामने आ रहा है।




















