PU Special :एमपी के निर्यातकों को विदेशी बाजार में मिलेगा मौका, 2028 तक 5 हजार कारोबारियों को FTA का लाभ दिलाने का लक्ष्य

अशोक गौतम, भोपाल। मध्यप्रदेश एफटीए कार्ययोजना 2026-27 में सात उद्देश्य और 31 कार्यवाहियां तय की गई हैं। सरकार का लक्ष्य 2028 तक पांच हजार निर्यातकों को व्यापार समझौतों से मिलने वाली शुल्क रियायतों और कारोबारी अवसरों की जानकारी देना है। निर्यातकों की समस्याओं के समाधान के लिए एमपीआईडीसी में हेल्पडेस्क बनाया जाएगा, जहां दो कार्यदिवस के भीतर जवाब देना अनिवार्य होगा।
ब्रिटेन समेत सात प्रमुख व्यापार समझौतों पर फोकस
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा तैयार मध्यप्रदेश एफटीए कार्ययोजना में ब्रिटेन, संयुक्त अरब अमीरात, ऑस्ट्रेलिया, ईएफटीए के चार देश स्विट्जरलैंड, नॉर्वे, आइसलैंड और लिकटेंस्टीन, ओमान, न्यूजीलैंड और यूरोपीय संघ के बाजारों पर विशेष ध्यान दिया गया है। यूरोपीय संघ के साथ समझौता हस्ताक्षर और अनुमोदन की प्रक्रिया के बाद 2027 में लागू होने की संभावना है।
ये भी पढ़ें: PU Special : एमपी के 55 लाख स्कूली बच्चों को अब तक नहीं मिली यूनिफॉर्म, 13 जिलों में प्रोफाइल अपडेट का काम अटका
68,746 करोड़ रुपए का निर्यात, देश में 13वां स्थान
कार्ययोजना के अनुसार, वर्ष 2025-26 में मध्यप्रदेश से 7.78 बिलियन डॉलर यानी करीब 68,746 करोड़ रुपए का निर्यात हुआ। देश के कुल निर्यात में प्रदेश की हिस्सेदारी 1.8 प्रतिशत रही और मध्यप्रदेश 13वें स्थान पर रहा। प्रदेश के कुल निर्यात में इंजीनियरिंग और ऑटो कंपोनेंट, फार्मास्यूटिकल्स, कृषि और खाद्य, वस्त्र और हस्तशिल्प तथा रसायन की हिस्सेदारी 89 प्रतिशत है।
80 कंपनियों को पहली बार मिलेगा निर्यात का मौका
सरकार चार प्रमुख निर्यात क्षेत्रों से 20-20 कंपनियों का चयन कर कुल 80 फर्मों को एफटीए एक्सेलेरेटर कार्यक्रम से जोड़ेगी। इन्हें उत्पाद चयन, जरूरी दस्तावेज, प्रमाणन, विदेशी खरीदारों से संपर्क और पहली निर्यात खेप भेजने तक मदद दी जाएगी। इसके अलावा 2028 तक पांच हजार निर्यातकों को व्यापार समझौतों की जानकारी देने और 300 निर्यातकों का स्व-प्रमाणन के लिए पंजीयन कराने का लक्ष्य रखा गया है।
दो दिन में जवाब, विदेशी खरीदारों के साथ 100 बैठकें
निर्यातकों की समस्याओं के समाधान के लिए एमपीआईडीसी निर्यात प्रकोष्ठ में हेल्पडेस्क बनाया जाएगा। पहले वर्ष में इसके माध्यम से एक हजार मामलों का निपटारा करने का लक्ष्य है। वहीं विदेशी बाजारों में प्रदेश के उत्पादों की पहुंच बढ़ाने के लिए 100 खरीदार बैठकें और एक रिवर्स खरीदार-विक्रेता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
प्रमाणन से मालभाड़े तक मिलेगी सहायता
छोटे निर्यातकों की लागत घटाने के लिए प्रमाणन, परीक्षण, डिजिटल हस्ताक्षर, मालभाड़ा और लॉजिस्टिक्स में सहायता दी जाएगी। भोपाल और इंदौर में प्रमाण-पत्र जारी करने वाली एजेंसियों के सहायता डेस्क बनाए जाएंगे। मंडीदीप और पीथमपुर के अंतर्देशीय कंटेनर डिपो की क्षमता बढ़ाने और बंदरगाहों तक नियमित कंटेनर ट्रेन सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराने की भी योजना है।
इन पांच क्षेत्रों से होता है 89 प्रतिशत निर्यात
प्रदेश के कुल निर्यात में पांच प्रमुख क्षेत्रों की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा है। इनमें इंजीनियरिंग और ऑटो कंपोनेंट से 2,057.5 मिलियन अमेरिकी डॉलर, फार्मास्यूटिकल्स से 1,719.8 मिलियन डॉलर, कृषि और खाद्य से 1,461.6 मिलियन डॉलर, वस्त्र और हस्तशिल्प से 1,291.1 मिलियन डॉलर और रसायन से 415.7 मिलियन डॉलर का निर्यात होता है। सरकार का लक्ष्य 31 दिसंबर 2028 तक व्यापार समझौतों के तहत जारी होने वाले अधिमान्य मूल प्रमाणपत्रों में 50 प्रतिशत वृद्धि करना है। उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई ने बताया कि- मध्यप्रदेश एफटीए कार्ययोजना तैयार की गई है। इसमें किए गए समझौतों के तहत निर्यातकों को देश के बाहर माल भेजने और बाजार दिलाने में मदद की जाएगी। निर्यातक और उत्पादन दोनों इसका फायदा ले सकते हैं। यह नीति 2028 तक के लिए लागू की गई है।




















