मप्र हाईकोर्ट ने कहा- ‘अफसरों की लापरवाही से डंपिंग यार्ड बना मदनमहल का ऐतिहासिक बैलेंसिंग रॉक’

जबलपुर। मदनमहल पहाड़ियों पर स्थित 'बैलेंसिंग रॉक' की उपेक्षा का मामला अब मध्य प्रदेश हाईकोर्ट पहुंच गया है। एक जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए चीफ जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे और जस्टिस विवेक जैन की डिवीजन बेंच ने दोटूक कहा कि जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते एक ऐतिहासिक धरोहर डंपिंग यार्ड में तब्दील हो गई है। बेंच ने मामले पर राज्य सरकार व अन्य को नोटिस जारी कर जवाब पेश करने कहा है। मामले की अगली सुनवाई जनवरी माह के अंतिम सप्ताह में होगी।
नागरिक उपभोक्ता मार्गदर्शक मंच की याचिका
नागरिक उपभोक्ता मार्गदर्शक मंच के अध्यक्ष डॉ. पीजी नाजपाण्डे द्वारा इस प्राकृतिक संरचना के संरक्षण और इसके आसपास की जमीन का मालिकाना हक राज्य सरकार के नाम दर्ज करने को लेकर जनहित याचिका दायर की गई है। याचिका में गंभीर आरोप लगाया गया है कि राजस्व अधिकारियों और स्थानीय प्रशासन की उदासीनता के कारण बैलेंसिंग रॉक का यह महत्वपूर्ण क्षेत्र निजी स्वामित्व में दर्ज हो गया है, जिसके चलते वहां लगातार कचरे के ढेर जमा हो रहे हैं। मंच का कहना है कि इतने महत्वपूर्ण प्राकृतिक और ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण के लिए अब तक कोई भी प्रभावी कदम नहीं उठाया गया, जो अवैधानिक है। याचिका में केंद्र सरकार, मध्य प्रदेश सरकार, जिला कलेक्टर, नगर निगम आयुक्त (जबलपुर) और मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को पक्षकार बनाया गया है।
ये भी पढ़ें: कैबिनेट बैठक की आड़ में पेशी से छूट का दांव फेल, मप्र हाईकोर्ट ने कहा-हाजिर हों IAS अधिकारी तरुण राठी
विशिष्ट प्राकृतिक चट्टान संरचनाओं का संरक्षण देश में अन्य जगह भी
मामले पर बुधवार को हुई सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने बताया कि बैलेंसिंग रॉक मदनमहल किले से लगभग 400 मीटर की दूरी पर स्थित एक विशिष्ट प्राकृतिक चट्टान है। उन्होंने तमिलनाडु के महाबलिपुरम स्थित विश्व प्रसिद्ध कृष्णा बटरबॉल का उदाहरण देते हुए कहा कि इस तरह की विशिष्ट प्राकृतिक चट्टान संरचनाओं का संरक्षण देश के अन्य हिस्सों में भी किया गया है। इसी तर्ज पर जबलपुर की बैलेंसिंग रॉक को भी एक संरक्षित विरासत स्थल के रूप में विकसित किए जाने के निर्देश अनावेदकों को दिए जाएं।




















