डिंडौरी में मुआवजे के 5 लाख रुपए लेकर SP कार्यालय पहुंचीं चार बहनें, जीजा पर हिस्सेदारी नहीं देने का आरोप
डिंडौरी। दूसरी तरफ चूरामन ने विक्रमपुर पुलिस चौकी में पदस्थ प्रधान आरक्षक सत्येंद्र पटेल पर पांच लाख रुपए लेने और झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिसकर्मी की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। एसपी आशीष खरे ने पूरे मामले की जांच कराने की बात कही है।
पांच लाख रुपए का थैला लेकर एसपी कार्यालय पहुंचीं बहनें
बुधवार को चारों बहनें पांच लाख रुपए से भरा थैला लेकर एसपी कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने एसपी आशीष खरे के सामने थैला रखते हुए मदद की गुहार लगाई और अपने जीजा चूरामन भरिया से मुआवजे में पांच लाख रुपए और दिलाने की मांग की। बहनों का कहना है कि उन्हें जमीन के मुआवजे में अपना हिस्सा चाहिए।
ये भी पढ़ें: घंसौर में सूने मकान को चोरों ने बनाया निशाना, लाखों रुपए का सामान लेकर फरार
माता-पिता की छह बेटियां
मरवारी निवासी भादू सिंह और उनकी पत्नी फुली बाई की छह बेटियां थीं। इनमें मल्ली बाई और उनके पति चूरामन भरिया को माता-पिता ने बुढ़ापे में देखभाल के लिए अपने साथ रखा था। भादू सिंह की 1998 और फुली बाई की 1999 में मृत्यु हो गई थी। इसके बाद सभी बहनों ने मिलकर अंतिम संस्कार और अन्य रस्में पूरी की थीं। मल्ली बाई और चूरामन के नाम 16 एकड़ जमीन का दानपत्र था, जिस पर वे खेती कर रहे थे।
29 लाख 80 हजार रुपए मुआवजा तय
राघोपुर बहुउद्देशीय बांध परियोजना में चूरामन और मल्ली बाई के नाम की 16 एकड़ जमीन डूब क्षेत्र में आ गई। इसके बदले 29 लाख 80 हजार रुपए का मुआवजा निर्धारित किया गया। मुआवजे की जानकारी मिलने के बाद चार अन्य बहनें भी अपना हिस्सा मांगने गांव पहुंचीं। इसको लेकर गांव में पंचायत हुई, लेकिन हिस्सेदारी पर सहमति नहीं बन सकी।
10 लाख रुपए में समझौते की बात
चारों बहनों ने 13 नवंबर को विक्रमपुर पुलिस में शिकायत की थी। शिकायत प्रधान आरक्षक सत्येंद्र पटेल तक पहुंची, जिन्होंने बहनों को न्यायालय जाने की सलाह दी थी। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बहनें पुलिस के स्तर पर ही विवाद सुलझाना चाहती थीं। इसके बाद प्रधान आरक्षक ने चूरामन से संपर्क किया और दोनों पक्षों के बीच 10 लाख रुपए में समझौते की बात सामने आई। इसमें पांच लाख रुपए नकद और बाकी पांच लाख रुपए बैंक से लाकर देने की सहमति बनी थी।
चूरामन ने प्रधान आरक्षक पर पांच लाख लेने का लगाया आरोप
चूरामन भरिया ने सोमवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत की कि प्रधान आरक्षक सत्येंद्र पटेल ने मुआवजे की राशि में से पांच लाख रुपए ले लिए हैं। साथ ही उन्हें झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी जा रही है। दूसरी तरफ चारों बहनों ने मंगलवार को एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई और बुधवार को पांच लाख रुपए से भरा थैला लेकर दोबारा पहुंचीं।
एसपी बोले-शिकायत की जांच कराई जाएगी
एसपी आशीष खरे ने कहा कि चारों बहनों को आपसी सहमति, ग्राम पंचायत, कलेक्टर कार्यालय या सिविल कोर्ट के माध्यम से विवाद सुलझाने की सलाह दी गई है। पुलिस का काम अपराध से जुड़े मामलों में कार्रवाई करना है। उन्होंने बताया कि प्रधान आरक्षक पर पांच लाख रुपए लेने की शिकायत मिली है, इसलिए संभव है कि हेड कॉन्स्टेबल ने मामले में हस्तक्षेप किया हो। इसकी जांच कराई जाएगी।






















