Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

अमेरिका में इजराइली दूतावास के 2 अफसरों की हत्या : हमलावर गिरफ्तार, कस्टडी में लगाए 'फ्री फिलिस्तीन' के नारे; जांच में जुटीं एजेंसियां

Follow on Google News
अमेरिका में इजराइली दूतावास के 2 अफसरों की हत्या : हमलावर गिरफ्तार, कस्टडी में लगाए 'फ्री फिलिस्तीन' के नारे; जांच में जुटीं एजेंसियां
वॉशिंगटन डीसी। अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी बुधवार रात गोलियों की गूंज से दहल उठी। यहूदी म्यूजियम के बाहर इजराइली दूतावास के दो कर्मचारियों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना रात करीब 9:05 बजे हुई (भारतीय समय अनुसार गुरुवार सुबह), जब दोनों कर्मचारी म्यूजियम में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेकर बाहर निकल रहे थे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान वह फिलिस्तीन को आजाद करने के नारे लगा रहा था।

हमलावर ने लगाए ‘फ्री फिलिस्तीन’ के नारे

टाइम्स ऑफ इजराइल की रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी ने ‘फ्री फिलिस्तीन’ का नारा लगाते हुए दोनों को बेहद नजदीक से गोली मारी। मृतकों में एक महिला और एक पुरुष शामिल हैं। दूतावास के प्रवक्ता ने बताया कि दोनों ने हाल ही में सगाई की थी और जल्द ही शादी करने वाले थे।

शिकागो का निवासी है एलियास रॉड्रिगेज के रूप में हुई

पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया। उसकी पहचान 30 वर्षीय एलियास रॉड्रिगेज के रूप में हुई है, जो शिकागो का रहने वाला है। गिरफ्तारी के दौरान भी वह ‘फ्री फिलिस्तीन’ के नारे लगाता रहा। पुलिस ने बताया कि घटना से पहले उसे म्यूजियम के बाहर घूमते देखा गया था।

अमेरिका बोला – यह टारगेट किलिंग है

वॉशिंगटन पुलिस प्रमुख पामेला स्मिथ ने इस हत्याकांड को पूर्व नियोजित हमला बताया। उन्होंने कहा कि हमलावर ने चार लोगों के समूह पर फायरिंग की, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई, जहां आसपास कई सरकारी कार्यालय और FBI का मुख्यालय स्थित है। होमलैंड सिक्योरिटी सेक्रेटरी क्रिस्टी नोएम ने भी इसे टारगेट किलिंग करार दिया और कहा कि हमले की गहराई से जांच की जा रही है।

FBI की ज्वॉइंट टेररिज्म टास्क फोर्स जांच में जुटी

घटना के तुरंत बाद FBI की ज्वॉइंट टेररिज्म टास्क फोर्स सक्रिय हो गई। FBI प्रमुख काश पटेल ने बयान जारी करते हुए कहा कि, “हमें इस गंभीर घटना की जानकारी मिली है। हमारी टीम स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर जांच कर रही है। जल्दी ही जांच के नतीजे सार्वजनिक किए जाएंगे।”

इजराइली राजदूत बोले – यह यहूदी समुदाय पर हमला है

संयुक्त राष्ट्र में इजराइल के राजदूत डैनी डैनन ने इस हमले की निंदा करते हुए इसे यहूदी विरोधी आतंकवाद बताया। उन्होंने कहा, “यह सिर्फ दो व्यक्तियों की हत्या नहीं है, यह पूरे यहूदी समुदाय पर हमला है। हम अमेरिका से इस पर सख्त कार्रवाई की अपेक्षा रखते हैं।”

अमेरिकी नेताओं की तीखी प्रतिक्रिया

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि यहूदी समुदाय पर इस तरह के हमले अब रुकने चाहिए। उन्होंने कहा, “अमेरिका में नफरत और कट्टरता के लिए कोई जगह नहीं है।” वहीं अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने इसे ‘कायराना यहूदी विरोधी हिंसा’ करार दिया और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की बात कही।

AJC के द्वारा आयोजित किया गया था कार्यक्रम

जहां घटना हुई, वह Capital Jewish Museum है, जहां अमेरिकन ज्यूइश कमेटी (AJC) द्वारा एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। AJC के CEO टेड ड्यूच ने इस घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वे पीड़ितों के परिवारों के साथ हैं और इस हिंसा की कड़ी निंदा करते हैं। घटना के बाद वॉशिंगटन पुलिस ने इलाके को सील कर दिया और लोगों को उस क्षेत्र से दूर रहने की सलाह दी गई है। हालांकि FBI ने कहा है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और किसी अन्य खतरे की आशंका नहीं है। ये भी पढ़ें- व्हाइट हाउस में ट्रंप और अफ्रीकी प्रेसिडेंट की तीखी बहस, रामफोसा बोले- हमारे पास गिफ्ट देने के लिए लग्जरी प्लेन नहीं
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts