अमेरिका में मेकअप चोर गर्ल्स गैंग का भंडाफोड़ : अमेजन पर 50% डिस्काउंट के साथ बेचती थीं प्रोडक्ट्स; 66 करोड़ के कॉस्मेटिक्स चुराए

अमेरिका। अमेरिकी पुलिस ने मेकअप का सामान चुराने वाले गर्ल्स गैंग को पकड़ लिया है। अमेरिकी पुलिस ने इस मामले की जानकारी दी। इस गैंग की लीडर तीन बच्चों की मां 53 साल की मिशेल मैक हैं, जिन्होंने 66 करोड़ रुपए के कॉस्मेटिक्स चुराए और फिर इन्हें ऑनलाइन शॉपिंग साइट अमेजन पर डिस्काउंट पर बेच दिए।
मेकअप का सामान चुराने लग्जरी स्टोर में जाती थीं
पुलिस ने बताया, मिशेल ने चोरी को अंजाम देने के लिए 12 लड़कियों को हायर कर रखा था। ये सभी सेफोरा, लेंस क्राफ्ट, अल्टा, TJ मैक्स, वालग्रीन्स जैसे लग्जरी कॉस्मेटिक स्टोर में जाती थीं और मेकअप का सामान चुराती थीं। इसके बाद मिशेल डिस्काउंट पर ये सामान अमेजन पर 50% डिस्काउंट के साथ बेच देती थीं।
10 अमेरिकी राज्यों में करती थीं चोरी
इस गर्ल गैंग ने कैलिफोर्निया, ओहायो, टेक्सास, फ्लोरिडा समेत 10 अमेरिकी राज्यों में चोरी की है। ये गैंग कैलिफोर्निया में ज्यादा चोरी करती थी, जिसकी वजह से इस गैंग को 'कैलिफोर्निया गर्ल्स' के नाम से भी जाना जाता था। बता दें कि पुलिस ने 12 मार्च को मिशेल के घर रेड की। इस दौरान पुलिस को 24.86 करोड़ रुपए के कॉस्मेटिक्स मिले थे। 4,500 स्क्वायर फीट में बने इस घर की कीमत 2.90 करोड़ रुपए है।





















