Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

अमेरिका : भारतीय मूल की महिला ने की 11 साल के बेटे की हत्या, डिज्नीलैंड घुमाने के बाद होटल में रेता गला; एक दिन पहले खरीदा था चाकू

Follow on Google News
अमेरिका : भारतीय मूल की महिला ने की 11 साल के बेटे की हत्या, डिज्नीलैंड घुमाने के बाद होटल में रेता गला; एक दिन पहले खरीदा था चाकू
वॉशिंटन डीसी। अमेरिका के कैलिफोर्निया से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। भारतीय मूल की एक महिला ने अपने 11 साल के बेटे की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला का नाम सरिता रामाराजू (48) है, जबकि उसके बेटे का नाम यतिन रामाराजू था।

डिज्नीलैंड में तीन दिन बिताने के बाद किया कत्ल

सरिता रामाराजू अपने बेटे यतिन के साथ घूमने के लिए कैलिफोर्निया के सेंटा एना स्थित डिज्नीलैंड गई थीं। यहां तीन दिन बिताने के बाद जब उन्हें 19 मार्च की सुबह होटल से चेक-आउट करना था, तो उन्होंने बेटे का चाकू से गला रेत दिया। हत्या के बाद सरिता ने खुद 911 पर फोन करके पुलिस को सूचना दी। उन्होंने बताया कि, उन्होंने अपने बेटे की हत्या कर दी है और खुद को मारने के लिए जहर खा लिया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और देखा कि बच्चा कई घंटों पहले ही मर चुका था। वहीं महिला को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया।

हत्या के पीछे कस्टडी विवाद की आशंका

रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरिता और उनके पूर्व पति प्रकाश राजू के बीच बेटे की कस्टडी को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों का जनवरी 2018 में तलाक हो गया था, जिसके बाद कोर्ट ने बेटे की कस्टडी पिता को सौंप दी थी, जबकि सरिता को उससे मिलने की अनुमति दी गई थी। सरिता चाहती थीं कि, उनका बेटा उनके साथ वर्जीनिया में रहे, लेकिन कोर्ट ने इसे मंजूरी नहीं दी। सरिता ने अपने पूर्व पति पर बिना उनकी सहमति के बेटे के मेडिकल और स्कूल से जुड़े फैसले लेने का आरोप लगाया था। उन्होंने प्रकाश राजू पर नशे की लत और आक्रामक व्यवहार का भी आरोप लगाया था।

हत्या से पहले खरीदा था चाकू

पुलिस जांच में पता चला कि, हत्या से एक दिन पहले ही सरिता ने रसोई का एक बड़ा चाकू खरीदा था। 19 मार्च की सुबह जब उन्हें बेटे को उसके पिता को सौंपना था, तो उन्होंने उसे ही मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद सरिता ने खुद को मारने की भी कोशिश की। उसने जहरीला पदार्थ खा लिया, लेकिन समय रहते उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया और उसकी जान बचा ली गई। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस का बयान

इस घटना पर ऑरेंज काउंटी के डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी टॉड स्पिट्जर ने गहरा दुख जताते हुए कहा, "एक बच्चे का जीवन माता-पिता के बीच के गुस्से के कारण दांव पर नहीं लगना चाहिए। गुस्सा आपको यह भूलने पर मजबूर कर देता है कि आप किससे प्यार करते हैं और आपकी क्या जिम्मेदारी है। माता-पिता की गोद बच्चों की सबसे सुरक्षित जगह होती है, लेकिन इस मां ने अपने बेटे को प्यार से गले लगाने के बजाय उसका गला काट दिया।"

महिला को मिल सकती है उम्रकैद

अगर सरिता रामाराजू सभी आरोपों में दोषी पाई जाती हैं, तो उन्हें 26 साल से लेकर उम्रकैद तक की सजा हो सकती है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह पहले से सोची-समझी साजिश थी या फिर भावनाओं में बहकर लिया गया कोई गलत कदम।

पति-पत्नी के बीच लंबे समय से था विवाद

रिपोर्ट के मुताबिक, प्रकाश राजू का जन्म और पालन-पोषण भारत के बेंगलुरु में हुआ था। उन्होंने अदालती दस्तावेजों में कहा था कि उनकी पूर्व पत्नी सरिता झूठे आरोप लगा रही हैं। वहीं सरिता का दावा था कि, उनके पति का व्यवहार हिंसक था और वह नशे के आदी थे। दोनों के बीच चल रहे कस्टडी विवाद की वजह से सरिता कई बार कोर्ट में याचिका दाखिल कर चुकी थीं, लेकिन कोर्ट ने बेटे की कस्टडी पिता को ही दी। ये भी पढ़ें- अमेरिका में अप्रवासियों पर बड़ी कार्रवाई, ट्रंप प्रशासन का कड़ा फैसला, हो सकता है मास डिपोर्टेशन, 5 लाख से अधिक लोग होंगे प्रभावित
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts