ईरान पर अमेरिका का ताबड़तोड़ हमला!बहरीन और कुवैत तक पहुंची जंग की आंच, हॉर्मुज नहीं पार कर पाएंगे ईरानी जहाज

मिडिल ईस्ट में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। दोनों देशों के बीच सैन्य कार्रवाई तेज हो गई है, जिससे पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल है। अमेरिका ने लगातार कई दिनों से ईरान के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। इसके जवाब में ईरान ने भी बहरीन और कुवैत में अमेरिकी हितों पर हमला करने का दावा किया है।
इन घटनाओं के बाद होर्मुज (Strait of Hormuz) के आसपास हालात और तनावपूर्ण हो गए हैं। यह समुद्री रास्ता दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल व्यापार मार्गों में से एक माना जाता है।
ईरान के कई सैन्य ठिकानों पर अमेरिकी हमला
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिकी सेना ने दक्षिणी ईरान के कई सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले किए हैं। बंपुर, चाबहार, बंदर अब्बास और सिरिक जैसे इलाकों में कई जोरदार विस्फोट होने की खबरें सामने आई हैं। बताया जा रहा है कि इन हमलों में ईरान के सैन्य ठिकानों और कई स्थानों को निशाना बनाया गया। हालांकि, इन हमलों में हुए नुकसान की आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
यह भी पढ़ें: अमेरिका भारत पर लगाएगा 500% टैरिफ! ट्रंप का बड़ा ऐलान, रूस से तेल खरीदना पड़ सकता है भारी
अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने क्या कहा?
अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए कहा कि उसने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई का एक और चरण शुरू किया है। CENTCOM के अनुसार, इन हमलों का उद्देश्य ईरान की उन क्षमताओं को कमजोर करना है, जिनका इस्तेमाल होर्मुज में व्यापारिक जहाजों पर हमले के लिए किया जा सकता है। एक्स पर एक पोस्ट शेयर कर बताया कि, 'अमेरिकी सेना ने आज शाम 4 बजे से ईरानी बंदरगाहों और तटीय क्षेत्रों में आने-जाने वाले जहाजों के खिलाफ समुद्री नाकेबंदी फिर से शुरू कर दी है।
ईरान का पलटवार, बहरीन और कुवैत पर हमले का दावा
अमेरिकी हमलों के बाद ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई की। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान ने बहरीन और कुवैत में अमेरिकी ठिकानों और हितों को निशाना बनाया। सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें मिसाइल और ड्रोन हमलों के दृश्य दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। हालांकि इन वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें: 'ईरानी हमले का जवाब देंगे', भारतीय नाविक की मौत पर UAE का बड़ा ऐलान
बहरीन में अमेरिकी बेस पर हमले का दावा
ईरान की सेना और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि बहरीन में मौजूद अमेरिका के पांचवें नौसैनिक बेड़े (5th Fleet) के कमांड सेंटर को निशाना बनाया गया। ईरान का कहना है कि इस कार्रवाई से अमेरिकी सैन्य ठिकानों को नुकसान पहुंचा है। वहीं अमेरिका की ओर से इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
कुवैत पर भी ड्रोन हमले की खबर
रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि ईरान ने कुवैत में ड्रोन हमला किया। बताया जा रहा है कि एक ड्रोन कुवैत के एक गोदाम से टकराया, जहां पहले से आग लगी हुई थी। हालांकि इस घटना को लेकर भी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
अमेरिकी नेवी ने फिर शुरू की नाकेबंदी
तनाव बढ़ने के बीच अमेरिकी नौसेना ने ईरानी बंदरगाहों के आसपास अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। CENTCOM के अनुसार, अमेरिका ने ईरान के कुछ समुद्री इलाकों और बंदरगाहों की निगरानी और नाकेबंदी दोबारा शुरू कर दी है। अमेरिका का कहना है कि उसका उद्देश्य व्यापारिक जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और संभावित खतरों को रोकना है।
मध्य पूर्व में अमेरिका की बड़ी सैन्य मौजूदगी
CENTCOM के मुताबिक, इस समय मध्य पूर्व में अमेरिका के 20 से अधिक युद्धपोत (Warships) और सैकड़ों लड़ाकू विमान तैनात हैं। इनके जरिए अमेरिका पूरे क्षेत्र की निगरानी कर रहा है और जरूरत पड़ने पर तुरंत सैन्य कार्रवाई करने की तैयारी में है।
यह भी पढ़ें: UAE, कतर, बहरीन... हर तरफ धमाके, ईरान के पलटवार से मिडिल ईस्ट में बढ़ा तनाव
ट्रंप ने दी कड़ी चेतावनी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि ईरान अपनी गतिविधियां नहीं रोकता, तो अमेरिका और भी बड़े सैन्य हमले कर सकता है। ट्रंप ने साफ संकेत दिया कि अमेरिका क्षेत्र में अपने हितों और सहयोगी देशों की सुरक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाएगा।











