Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

अमेरिका में बड़ा विमान हादसा टला! टैक्सी करते समय टकराए अमेरिकन एयरलाइंस के दो विमानों के पंख

अमेरिका के वाशिंगटन एयरपोर्ट पर टैक्सी करते समय अमेरिकन एयरलाइंस के दो विमानों के पंख टकरा गए। हादसे में कोई घायल नहीं हुआ, FAA ने जांच शुरू की।
अमेरिका में बड़ा विमान हादसा टला! टैक्सी करते समय टकराए अमेरिकन एयरलाइंस के दो विमानों के पंख
American Airlines collision

अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन के रोनाल्ड रीगन वाशिंगटन नेशनल एयरपोर्ट पर शुक्रवार शाम बड़ा विमान हादसा टल गया। उड़ान भरने के लिए रनवे की ओर बढ़ रहे अमेरिकन एयरलाइंस के दो यात्री विमानों के पंख आपस में टकरा गए। गनीमत रही कि इस घटना में किसी यात्री या क्रू सदस्य को चोट नहीं आई। टक्कर के बाद दोनों विमानों को रोककर जांच के लिए सेवा से हटा दिया गया।

डलास और शिकागो जा रही फ्लाइट्स के पंख टकराए

संघीय विमानन प्रशासन (FAA) के अनुसार, घटना स्थानीय समयानुसार शुक्रवार 27 नवंबर को शाम 5 बजे के कुछ देर बाद हुई। डलास जाने वाली अमेरिकन एयरलाइंस की फ्लाइट 638 का पंख शिकागो जाने वाली फ्लाइट 2152 के पंख से टकरा गया। उस समय दोनों विमान टैक्सीवे पर उड़ान भरने की तैयारी में आगे बढ़ रहे थे। टक्कर के तुरंत बाद दोनों विमानों को रोक दिया गया। 

X Post

दोनों विमानों को जांच के लिए सेवा से हटाया गया

घटना के बाद एहतियात के तौर पर दोनों विमानों को वापस उनके संबंधित गेट पर ले जाया गया। अमेरिकन एयरलाइंस ने बताया कि दोनों विमानों को सेवा से हटा दिया गया है और उनकी तकनीकी जांच की जा रही है। एयरलाइन ने यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक विमानों की व्यवस्था की। दोनों फ्लाइट्स के यात्रियों को दूसरे विमानों में समायोजित कर शुक्रवार देर शाम रवाना करने की योजना बनाई गई। एयरलाइन ने इस असुविधा के लिए यात्रियों से खेद भी जताया। 

मेट्रोपॉलिटन वाशिंगटन एयरपोर्ट्स अथॉरिटी के मुताबिक, सूचना मिलते ही दमकल और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। घटना में किसी यात्री या क्रू सदस्य को चोट नहीं आई। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने बताया कि इस घटना से अन्य उड़ानों के संचालन पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा। वहीं, FAA ने टक्कर की वजह और परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है। 

अमेरिका के मिसिसिपी में बड़ा विमान हादसा, समुद्र में क्रैश हुआ छोटा विमान; 6 लोगों की मौत

थैंक्सगिविंग छुट्टियों के दौरान सामने आईं विमानन से जुड़ी घटनाएं

अमेरिका में थैंक्सगिविंग की छुट्टियों के दौरान हवाई यात्रा का दबाव बढ़ा हुआ है। इसी बीच 25 नवंबर को मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मेम्फिस से आया FedEx का MD-11 मालवाहक विमान लैंडिंग के दौरान रनवे से आगे निकल गया था। इसके बाद FAA ने मियामी जाने वाली उड़ानों पर अस्थायी ग्राउंड स्टॉप लगाया था। इस घटना में भी किसी के घायल होने की खबर नहीं आई। 

लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बीच विमानन सुरक्षा और एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही के प्रबंधन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, वाशिंगटन एयरपोर्ट पर हुई इस टक्कर के कारणों का पता FAA की जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

Latest Posts