Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

खिलचीपुर में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान शिविर, हितग्राहियों को मिले प्रमाण पत्र

राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में शुक्रवार को मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत शिविर आयोजित किया गया। इसमें जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने आमजन की समस्याएं सुनीं और पात्र हितग्राहियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत सहायता राशि, प्रमाण पत्र और अन्य लाभ वितरित किए।
खिलचीपुर में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान शिविर, हितग्राहियों को मिले प्रमाण पत्र
खिलचीपुर में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान शिविर

खिलचीपुर। शिविर में खिलचीपुर विधायक हजारीलाल दांगी, राजगढ़ विधायक अमर सिंह यादव, कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा और पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी मौजूद रहे। कलेक्टर ने अधिकारियों को आवेदनों का नियमानुसार और समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान और स्वामित्व योजना के क्रियान्वयन में राजगढ़ जिला प्रदेश में दूसरे स्थान पर है। कार्यक्रम में उद्यम संवाद के जरिए हितग्राहियों से स्वरोजगार के अनुभव साझा किए गए। साथ ही लाड़ली लक्ष्मी, उद्यम क्रांति और संबल योजना सहित विभिन्न योजनाओं के तहत हितलाभ वितरित किए गए।

आमजन की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता

कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने अधिकारियों से कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने प्राप्त आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण कर प्रत्येक मामले में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने और निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विधायक हजारीलाल दांगी ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान का उद्देश्य अधिकारियों और कर्मचारियों को सीधे जनता से जोड़ना है। इससे लोगों को अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने रखने और उनके समाधान की प्रक्रिया को गति देने का अवसर मिल रहा है।

ये भी पढ़ें: हरसूद के धारूखेड़ी में जनविश्वास शिविर, 660 आवेदनों का मौके पर हुआ निराकरण

राजगढ़ जिला अभियान और स्वामित्व योजना में प्रदेश में दूसरे स्थान पर

राजगढ़ विधायक अमर सिंह यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनसमस्याओं के निराकरण और पात्र हितग्राहियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के महत्व पर जोर दिया। वहीं, कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने बताया कि राजगढ़ जिला मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान और स्वामित्व योजना के क्रियान्वयन में प्रदेश में दूसरे स्थान पर है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन शिविरों में प्राप्त आवेदनों के निराकरण पर गंभीरता से काम कर रहा है। अधिकारियों से अपेक्षा की गई कि वे आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहें और तय समय-सीमा में कार्रवाई करें।

उद्यम संवाद में हितग्राहियों ने साझा किए स्वरोजगार के अनुभव

कार्यक्रम के दौरान उद्यम संवाद का आयोजन भी किया गया। इसमें विभिन्न शासकीय योजनाओं से जुड़े हितग्राहियों से बातचीत कर स्वरोजगार और उद्यम से संबंधित उनके अनुभव सुने गए। हितग्राहियों ने योजनाओं के माध्यम से मिली सहायता और रोजगार के अवसरों के बारे में जानकारी साझा की। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न विभागों की योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को सहायता राशि, प्रमाण पत्र और अन्य हितलाभ वितरित किए गए।

लाड़ली लक्ष्मी योजना और उद्यम क्रांति योजना के तहत मिला लाभ

लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत अल्शिफा, आयशा, पार्थवी, हत्रिका और हिमांशी को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अनीता, यश, सत्तार खां, अलवीरा, मनोहर सिंह और कैलाश को फूड बास्केट वितरित किए गए। उद्योग विभाग की उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत रोहित सेन को 6 लाख रुपये की राशि का हितलाभ दिया गया। इसके अलावा बैग वितरण कार्यक्रम के तहत कक्षा पहली के छात्र समीर, छात्रा खुशी तंवर, छात्रा तायरा बी, छात्रा यशस्वी, छात्र राजसोनी, छात्र जयेश, छात्र भूपेन्द्र सिंह चौहान, छात्र तेमुल खां और छात्रा माही शर्मा को स्कूल बैग दिए गए।

Breaking News

चार हितग्राहियों को 2-2 लाख रुपये की सहायता

शिविर में संबल योजना के अंतर्गत बल्लभ बाई, मांगुबाई सौंधिया, पूजा और कमल कुंवर को 2-2 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। इसके साथ ही रामबाबू, धापूबाई और पूजा का संबल योजना के तहत पंजीयन किया गया। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के माध्यम से प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने पर जोर दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य लोगों की समस्याओं का प्रभावी निराकरण करना और पात्र हितग्राहियों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है।

Ramesh Dangi
By Ramesh Dangi

Latest Posts