Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

अनूपपुर में मालगाड़ी ने पिकअप को 100 मीटर तक घसीटा, युवक की मौत; 6 घायल

अनूपपुर के चचाई में बिना फाटक वाली रेलवे क्रॉसिंग पर मालगाड़ी की टक्कर से पिकअप सवार युवक की मौत और 6 लोग घायल हो गए। ग्रामीणों की मांग पर क्रॉसिंग पर गेट लगाने का आश्वासन दिया गया।
अनूपपुर में मालगाड़ी ने पिकअप को 100 मीटर तक घसीटा, युवक की मौत; 6 घायल
मालगाड़ी ने पिकअप को 100 मीटर तक घसीटा

अनूपपुर। अनूपपुर जिले के चचाई थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। रेलवे क्रॉसिंग पार कर रही एक पिकअप गाड़ी मालगाड़ी की चपेट में आ गई। टक्कर के बाद मालगाड़ी पिकअप को करीब 100 मीटर तक घसीटती ले गई। हादसे में 26 वर्षीय युवक रवि वर्मा की मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हो गए। जिस क्रॉसिंग पर हादसा हुआ, वहां न तो रेलवे फाटक था और न ही गेटमैन तैनात था। घटना के बाद ग्रामीणों ने रेलवे क्रॉसिंग पर फाटक और लाइट लगाने के साथ मृतक के परिजन को मुआवजा देने की मांग की। प्रशासन, पुलिस और पावर प्लांट प्रबंधन के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में घायलों के बेहतर इलाज और मुआवजे सहित कई मांगों पर आश्वासन दिया गया।

दुर्गा विसर्जन से लौट रहे थे युवक

जानकारी के मुताबिक हादसा गुरुवार रात करीब 11:30 बजे हुआ। चकैठी गांव निवासी रवि वर्मा अपने साथियों के साथ दुर्गा विसर्जन करने गया था। लौटते समय पिकअप में डीजे का सामान रखा हुआ था। इसी दौरान चचाई पावर प्लांट से संगमा खदान की ओर जा रही खाली मालगाड़ी की पिकअप से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मालगाड़ी पिकअप को करीब 100 मीटर तक घसीटती ले गई। हादसे में रवि वर्मा की मौत हो गई, जबकि पिकअप में सवार 6 अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

वाहन से कूदे लोग, पिकअप में फंस गई रवि की गर्दन

पिकअप चालक कन्हैया वर्मा के मुताबिक, रेलवे क्रॉसिंग के आसपास घना जंगल और झाड़ियां हैं। वहां न तो रेलवे फाटक लगा है और न ही गेटमैन की तैनाती थी। सामने से मालगाड़ी आती दिखाई देने पर पिकअप में सवार कई लोगों ने वाहन से कूदकर जान बचाने की कोशिश की। इसी दौरान रवि की गर्दन पिकअप में फंस गई। वह बाहर नहीं निकल सका और उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

ग्रामीणों ने जताई नाराजगी, मुआवजे और फाटक की मांग

घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीण जिला अस्पताल पहुंचे। वहां उन्होंने तहसीलदार वेद प्रकाश सिंह के सामने नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने मृतक के परिजन को मुआवजा देने और दुर्घटना वाली रेलवे क्रॉसिंग पर फाटक तथा लाइट लगाने की मांग की। ग्रामीणों ने पावर प्लांट प्रबंधन से मांगों को लेकर लिखित आश्वासन देने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी करने का भरोसा मिलने तक वे शव का पोस्टमॉर्टम नहीं कराने देंगे और न ही शव को गांव ले जाएंगे। ग्रामीणों का कहना था कि क्रॉसिंग पर सुरक्षा के इंतजाम नहीं होने से लोगों की जान खतरे में है।

घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अनूपपुर: 15 फीट गहरे पुल से नीचे गिरी बाइक, दादी, पोता-नाती समेत तीन की मौत

अधिकारियों के साथ बैठक, घायलों को जबलपुर भेजने का आश्वासन

शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे पावर प्लांट के अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद जिला प्रशासन, पुलिस और ग्रामीणों के बीच बैठक हुई। बैठक में घायलों को बेहतर इलाज के लिए जबलपुर भेजने, फैक्ट्री एक्ट के प्रावधानों के अनुसार मुआवजा देने और रेलवे क्रॉसिंग पर गेट लगाने का आश्वासन दिया गया। ग्रामीणों की प्रमुख मांगों में मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता और क्रॉसिंग पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना शामिल है। हादसे के बाद क्षेत्र में रेलवे क्रॉसिंग की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

पिता की मौत के बाद रवि पर थी परिवार की जिम्मेदारी

हादसे में जान गंवाने वाला रवि वर्मा तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। तीनों भाइयों की अभी शादी नहीं हुई थी। करीब 20 साल पहले पिता का निधन हो चुका था। ऐसे में परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी रवि पर थी। वह एल्युमिनियम फ्रेम बनाने का काम करता था। रवि की मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने इसी वजह से मृतक के परिजन को मुआवजा देने की मांग उठाई है।

जकार्ता में भीषण रेल हादसा... खड़ी ट्रेन से टकराई एक्सप्रेस, 14 की मौत, 84 से ज्यादा घायल

एक साल पहले भी इसी क्रॉसिंग पर हुआ था हादसा

ग्रामीणों के मुताबिक इसी रेलवे क्रॉसिंग पर करीब एक साल पहले भी मालगाड़ी ने एक कार को टक्कर मार दी थी। उस दौरान ट्रेन कार को करीब 100 मीटर तक घसीटती ले गई थी। हालांकि, उस हादसे में किसी की जान नहीं गई थी। ग्रामीणों का कहना है कि उस घटना के बाद भी क्रॉसिंग पर बैरिकेडिंग करने या गेटमैन तैनात करने की मांग की गई थी। इसके बावजूद यहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हो सके।

Dr. Sumit  Shrivastava
By Dr. Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...

Latest Posts