उमरिया में भीषण सड़क हादसा:खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार अर्टिगा, 3 साल के मासूम समेत 4 की मौत

उमरिया। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। तेज रफ्तार अर्टिगा कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में 3 साल के मासूम बच्चे, दो महिलाओं और एक पुरुष की मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल है। उसे इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया है।
सुबह 3 से 4 बजे के बीच हुआ हादसा
यह हादसा गुरुवार तड़के करीब 3 से 4 बजे के बीच हुआ। दुर्घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की सिविल लाइन चौकी के पास नेशनल हाईवे-43 पर हुई। पुलिस के अनुसार, अर्टिगा कार में सवार परिवार अनूपपुर जिले से चित्रकूट जा रहा था। रास्ते में भरौला के पास सिद्ध बाबा क्षेत्र में अचानक कार अनियंत्रित हो गई और सामने सड़क पर खड़े ट्रक से जा टकराई।
यह भी पढ़ें: मंदिर जा रही महिला को बनाया निशाना, तीन बदमाशों ने झपटी सोने की चेन; पीछा करने वालों को हथियार दिखाकर भागे
चित्रकूट जा रहा था पूरा परिवार
जानकारी के अनुसार, कार में कुल 6 लोग सवार थे। सभी अनूपपुर जिले के लीला गांव के रहने वाले थे। परिवार अपनी बेटी को चित्रकूट परीक्षा दिलाने ले जा रहा था। इस भीषण दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर या इलाज के दौरान मौत हो गई। कार में 22 वर्षीय खुशबू मार्को हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गईं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, उनकी सांसें रुक गई थीं। लेकिन जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने तुरंत सीपीआर (CPR) देकर उन्हें बचाने की कोशिश की।
डॉक्टरों की मेहनत रंग लाई और उनकी सांसें फिर से चलने लगीं। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
ड्राइवर सुरक्षित
हादसे के समय कार ददन नाम का व्यक्ति चला रहा था। राहत की बात यह रही कि वह इस दुर्घटना में बच गया, लेकिन हादसे के बाद वह गहरे सदमे में है। पुलिस के अनुसार, उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और फिलहाल वह घटना के बारे में कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं है।
कार के अंदर फंस गए थे लोग
टक्कर इतनी भीषण थी कि अर्टिगा कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई। कार का अगला हिस्सा ट्रक में बुरी तरह घुस गया था। एक व्यक्ति कार के अंदर बुरी तरह फंस गया था। हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, 108 एंबुलेंस और राहत दल मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू टीम ने काफी देर तक मशक्कत कर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
पुलिस कर रही हादसे की जांच
पुलिस के अनुसार बताया कि शुरुआती जांच में तेज रफ्तार हादसे की बड़ी वजह मानी जा रही है। हालांकि, पुलिस यह भी पता लगा रही है कि कार अचानक कैसे अनियंत्रित हुई और सड़क पर खड़े ट्रक की स्थिति क्या थी।











