Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

उज्जैन-गरोठ फोरलेन पर भीषण हादसा: ट्रक में घुसी कार, मां-बेटी की मौत; तीन गंभीर घायल

आगर मालवा जिले में उज्जैन-गरोठ फोरलेन पर रामाखेड़ी के पास तेज रफ्तार आर्टिगा कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में कार सवार मां-बेटी की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर घायल हुए। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
उज्जैन-गरोठ फोरलेन पर भीषण हादसा: ट्रक में घुसी कार, मां-बेटी की मौत; तीन गंभीर घायल
आगर मालवा। सड़क दुर्घटना में क्षतिग्रस्त वाहन।

आगर मालवा। जिले में उज्जैन-गरोठ फोरलेन पर ग्राम रामाखेड़ी के समीप भीषण सड़क हादसा हो गया। उत्तर प्रदेश नंबर की एक आर्टिगा कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार सारिका और उनकी बेटी छवि की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

कार में फंसी महिला को मशक्कत के बाद निकाला

दुर्घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस पायलट संदीप गोस्वामी और अमरीश घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ौद पहुंचाया। एक महिला कार में बुरी तरह फंस गई थी, जिसे बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। हादसे के बाद कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।

ये भी पढ़ें: विधायक की बेटी ने महिला पुलिसकर्मी को जड़ा थप्पड़, सामने आया मंदिर का VIDEO

तीन घायलों की हालत गंभीर

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ौद में डॉक्टर विजेंद्र चूड़ीहार ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। गंभीर हालत को देखते हुए सूरजपाल, सचिन और श्याम को जिला अस्पताल आगर रेफर किया गया। तीनों के उत्तर प्रदेश निवासी होने की जानकारी सामने आई है। मृतकों की पहचान सारिका पत्नी श्यामलाल और छवि पुत्री श्यामलाल के रूप में हुई है।

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

दोनों मृतकों के शव एंबुलेंस से शासकीय अस्पताल बड़ौद लाए गए। पुलिस के अनुसार, परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। प्रारंभिक जांच में वाहन चालक के कार पर नियंत्रण नहीं रख पाने को हादसे की वजह माना जा रहा है। बड़ौद पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामला दर्ज किया है और दुर्घटना के कारणों सहित अन्य पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें: पीर निगाह से लौटते वक्त खाई में गिरा श्रद्धालुओं से भरा ट्रक, 50 से ज्यादा घायल, हरियाणा से हिमाचल दर्शन करने आए थे

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...

Latest Posts