Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Uber India:CEO प्रभजीत सिंह ने दिया इस्तीफा, अब OpenAI इंडिया की संभालेंगे कमान

ऊबर इंडिया के CEO प्रभजीत सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। अब वे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दिग्गज कंपनी OpenAI इंडिया के प्रमुख की जिम्मेदारी संभालेंगे।
CEO प्रभजीत सिंह ने दिया इस्तीफा, अब OpenAI इंडिया की संभालेंगे कमान

भारत में राइड-हेलिंग कंपनी उबर के प्रमुख चेहरों में शामिल प्रभजीत सिंह ने CEO पद से इस्तीफा दे दिया है। करीब 10 साल तक उबर के साथ जुड़े रहने के बाद अब वे सितंबर 2026 से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी OpenAI के भारत कारोबार की जिम्मेदारी संभालेंगे। कंपनी ने उन्हें भारत का कंट्री मैनेजिंग डायरेक्टर नियुक्त किया है। यह नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब भारत दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते AI बाजारों में शामिल है और OpenAI देश में अपनी मौजूदगी को तेजी से मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है।

OpenAI में सबसे वरिष्ठ अधिकारी होंगे प्रभजीत सिंह

OpenAI की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक प्रभजीत सिंह भारत में कंपनी के सबसे वरिष्ठ अधिकारी होंगे। वे OpenAI के एशिया-पैसिफिक मैनेजिंग डायरेक्टर किरन मणी को रिपोर्ट करेंगे।

उनकी प्रमुख जिम्मेदारियों में-

  • भारत में कंज्यूमर ग्रोथ बढ़ाना
  • एंटरप्राइज AI अपनाने को बढ़ावा देना
  • सरकारी और निजी संस्थानों के साथ साझेदारी विकसित करना
  • रेगुलेटरी मामलों पर कंपनी का प्रतिनिधित्व करना
  • भारत में OpenAI के ऑपरेशन्स का नेतृत्व करना
  • देश के AI इकोसिस्टम को मजबूत बनाने में सहयोग देना

कंपनी का कहना है कि उनका फोकस AI तकनीक को आम उपभोक्ताओं, बिजनेस, संस्थानों और सरकारी एजेंसियों तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने पर रहेगा।

उबर में रहा एक दशक का लंबा सफर

IIT कानपुर और IIM अहमदाबाद से पढ़ाई करने वाले प्रभजीत सिंह अगस्त 2015 में उबर से जुड़े थे। उन्होंने जनरल मैनेजर और हेड ऑफ स्ट्रेटजी के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद जून 2020 में उन्हें भारत और दक्षिण एशिया का प्रेसिडेंट बनाया गया। इस दौरान उन्होंने कंपनी के विस्तार और नई सेवाओं को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई। उबर से पहले वे मैकिन्से एंड कंपनी में एसोसिएट पार्टनर के रूप में कार्य कर चुके हैं।

ये भी पढ़ें: फीफा वर्ल्ड कप में पैसों की होगी बारिश: 8 हजार करोड़ से ज्यादा की प्राइज मनी, विजेता को कितने करोड़ मिलेंगे?

प्रभजीत सिंह के नेतृत्व में उबर ने बढ़ाया कारोबार

उनके कार्यकाल के दौरान उबर ने भारत में कई बड़े कदम उठाए।

  • टियर-2 और गैर-मेट्रो शहरों में तेजी से विस्तार किया।
  • Uber Moto, Uber Auto और इंटरसिटी ट्रैवल जैसी सेवाओं को मजबूत बनाया।
  • फ्लीट ऑपरेटर्स और ड्राइवर पार्टनर्स के साथ नेटवर्क का विस्तार किया।
  • मेट्रो टिकट बुकिंग जैसी सुविधाएं ऐप में जोड़ीं।
  • वर्तमान में पांच शहरों में Uber ऐप से मेट्रो टिकट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध है।
  • ONDC प्लेटफॉर्म के जरिए अब तक एक करोड़ से अधिक मेट्रो राइड्स बुक की जा चुकी हैं।
  • हाल ही में Uber ने ONDC में 60 करोड़ रुपये के रणनीतिक निवेश का भी ऐलान किया था।

भारत में उबर की मजबूत नींव तैयार करने में अहम योगदान

प्रभजीत सिंह के इस्तीफे पर उबर के प्रवक्ता ने कहा कि भारत कंपनी के लिए सबसे महत्वपूर्ण बाजारों में शामिल है और भविष्य की ग्रोथ का बड़ा केंद्र बना रहेगा। कंपनी ने कहा कि प्रभजीत ने पिछले एक दशक में मजबूत नेतृत्व दिया और भारत में उबर की मजबूत नींव तैयार करने में अहम योगदान निभाया। उनके योगदान के लिए कंपनी ने उनका आभार जताया। हालांकि उबर ने अभी तक उनके उत्तराधिकारी के नाम की घोषणा नहीं की है। उम्मीद है कि आने वाले हफ्तों में कंपनी नए नेतृत्व को लेकर फैसला करेगी।

ये भी पढ़ें: US कोर्ट में अडाणी केस पर नया मोड़! सरकार से पूछा- क्यों हटाएं आरोप? 13 जुलाई तक देना होगा जवाब

बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच आया फैसला

प्रभजीत सिंह का इस्तीफा ऐसे समय आया है जब भारत के राइड-हेलिंग बाजार में प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ रही है। उबर को घरेलू कंपनियों जैसे Rapido और सरकार समर्थित प्लेटफॉर्म भारत टैक्सी जैसी नई सेवाओं से चुनौती मिल रही है। वहीं OpenAI भारत में AI तकनीक के विस्तार को लेकर बड़े निवेश और नई साझेदारियों की दिशा में तेजी से काम कर रही है। ऐसे में प्रभजीत सिंह की नियुक्ति को कंपनी की भारत रणनीति का महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Sumit  Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

Latest Posts