अमेरिका में एयर शो के दौरान हादसा :आपस में टकराएं दो फाइटर जेट, 4 क्रू मेंबर्स सुरक्षित निकले

वॉशिंगटन डीसी। अमेरिका के इडाहो में एयर शो के दौरान बड़ा हादसा हो गया। माउंटेन होम एयर फोर्स बेस पर आयोजित ‘गनफाइटर स्काइज एयर शो’ में अमेरिकी नौसेना के दो लड़ाकू विमान EA-18 G हवा में टकराकर क्रैश हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों विमानों में तुरंत आग लग गई और कुछ ही देर में वे मलबे में तब्दील हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि दोनों विमानों में मौजूद चालक दल के सभी चार सदस्य समय रहते इजेक्ट कर सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे। अधिकारियों के मुताबिक सभी पायलटों की हालत स्थिर है और हादसे में किसी दर्शक या नागरिक को चोट नहीं आई।
एरियल डेमोंस्ट्रेशन के दौरान टक्कर
यह हादसा स्थानीय समयानुसार रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे हुआ। उस वक्त एयर शो के दौरान दोनों फाइटर जेट हवा में करतब और एरियल डेमोंस्ट्रेशन कर रहे थे। इसी दौरान दोनों विमान बेहद करीब आ गए और आपस में टकरा गए। घटना के बाद आसमान में आग और धुएं का बड़ा गुबार दिखाई दिया, जिसे देखकर एयर शो देखने पहुंचे हजारों लोग दहशत में आ गए।
यह भी पढ़ें: Ukraine Drone Attack: रूस पर यूक्रेन का बड़ा ड्रोन हमला, भारतीय समेत 4 की मौत
दोनों पायलट सुरक्षित
अमेरिकी प्रशांत बेड़े की नौसेना वायु सेना की प्रवक्ता कमांडर अमेलिया उमयम ने बताया कि दुर्घटना में शामिल दोनों विमान अमेरिकी नौसेना के EA-18G ग्रोलर थे। ये विमान वाशिंगटन के व्हिडबे द्वीप स्थित इलेक्ट्रॉनिक अटैक स्क्वाड्रन-129 से जुड़े थे। उन्होंने कहा कि सभी दोनों सहित 4 क्रू मेंबर्स पूरी तरह सुरक्षित हैं फिलहाल हादसे की जांच शुरू कर दी गई है।
एयर शो के आयोजन में मदद करने वाली संस्था सिल्वर विंग्स ऑफ इडाहो की मार्केटिंग डायरेक्टर किम साइक्स ने बताया कि सैन्य अड्डे पर मौजूद किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई। हादसे के तुरंत बाद पूरे एयर बेस को सील कर दिया गया और एयर शो रद्द कर दिया गया।
हादसे में क्या- क्या हुआ
- दो EA-18G ग्रोलर लड़ाकू विमान हवा में टकराए
- दोनों विमानों में कुल 4 चालक दल सदस्य मौजूद थे
- सभी पायलट सुरक्षित इजेक्ट करने में सफल रहे
- हादसे के बाद एयर शो तुरंत रद्द किया गया
- एयर बेस को सुरक्षा कारणों से सील कर दिया गया
8 साल बाद आयोजित हुआ शो, हजारों लोग पहुंचे
गौरतलब है कि ‘गनफाइटर स्काइज एयर शो’ पूरे 8 साल बाद आयोजित किया जा रहा था। इस कार्यक्रम को देखने के लिए हजारों लोग पहुंचे थे। एयर शो की तैयारी करीब दो साल से चल रही थी। इस हादसे ने माउंटेन होम एयर शो के पुराने हादसों की याद भी ताजा कर दी। साल 2018 में यहां एक हैंग ग्लाइडर पायलट रनवे पर क्रैश में मारा गया था। वहीं 2003 में एयर शो के दौरान थंडरबर्ड्स का एक जेट भी दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, हालांकि उस हादसे में पायलट की जान बच गई थी।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान के 9 जगहों के बदले गए नाम : क्यों लिया गया ये फैसला, जानें पूरी वजह...
क्या है EA-18 G ग्रोलर
EA-18 G अमेरिकी रक्षा कंपनी बोइंग ने विकसित किया है। यह अमेरिकी नौसेना का एडवांस्ड इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर विमान है, जो F/A-18 सुपर हॉर्नेट पर आधारित है। वहीं एक विमान में 2 चालक दल सदस्य होते हैं। दुश्मन के रडार और एयर डिफेंस सिस्टम को जाम करने में इस्तेमाल होता है। बात करें कीमत की तो यह करीब 65-70 मिलियन डॉलर यानी लगभग 550-600 करोड़ रुपए बताई जाती है।











