Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भारतीयों के लिए मलेशिया की वीजा-मुक्त यात्रा खत्म, 1 जनवरी 2027 से वीजा लेना होगा जरूरी

मलेशिया के इमिग्रेशन विभाग ने वीजा नियमों में बदलाव की घोषणा की है। 1 दिसंबर 2026 से MyVISA पोर्टल पर आवेदन शुरू होंगे, जबकि 1 जनवरी 2027 से भारतीय नागरिकों को यात्रा के लिए वैध वीजा लेना अनिवार्य होगा।  
भारतीयों के लिए मलेशिया की वीजा-मुक्त यात्रा खत्म, 1 जनवरी 2027 से वीजा लेना होगा जरूरी

कुआलालंपुर। मलेशिया ने भारतीय नागरिकों के लिए वीजा-मुक्त प्रवेश की सुविधा समाप्त करने का फैसला किया है। मलेशिया के आव्रजन विभाग (JIM) के अनुसार, 1 जनवरी 2027 से भारतीय यात्रियों को देश में प्रवेश के लिए पहले से वैध वीजा लेना होगा। इससे पहले भारतीय नागरिकों को 30 दिनों तक बिना वीजा मलेशिया जाने की अनुमति थी। इसके लिए यात्रा से तीन दिन पहले मलेशिया डिजिटल अराइवल कार्ड (MDAC) के लिए पंजीकरण करना होता था।

आव्रजन विभाग ने 17 नवंबर को जारी नोटिस में इस बदलाव की जानकारी दी। विभाग के मुताबिक, 1 दिसंबर 2026 से भारतीय नागरिक MyVISA पोर्टल के माध्यम से वीजा के लिए आवेदन कर सकेंगे।

नौकरी के लिए वीजा-मुक्त सुविधा इस्तेमाल न करने की सलाह

इससे पहले सितंबर में भारत ने मलेशिया में रह रहे अपने नागरिकों को 30 दिनों की वीजा-मुक्त प्रवेश सुविधा का इस्तेमाल नौकरी तलाशने के लिए नहीं करने की सलाह दी थी। कुआलालंपुर स्थित भारतीय उच्चायोग ने X पर जारी एडवाइजरी में बताया था कि मलेशिया आने वाले भारतीय नागरिकों की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई है। इनमें कई लोग ऐसे थे जिन्हें धोखेबाज एजेंटों ने नौकरी दिलाने का झूठा वादा करके गुमराह किया था। भारतीय उच्चायोग ने साफ किया था कि मलेशिया की 30 दिनों की वीजा-मुक्त यात्रा सुविधा केवल पर्यटन और निजी यात्राओं के लिए है। इस सुविधा के तहत नौकरी करने की अनुमति नहीं है।

वीजा फीस नहीं होगी रिफंड

JIM ने स्पष्ट किया है कि वीजा आवेदन की प्रोसेसिंग फीस किसी भी स्थिति में वापस नहीं की जाएगी। आवेदन स्वीकार हो या खारिज, यात्रा योजना में बदलाव हो या वीजा नीति में संशोधन किया जाए, भुगतान की गई फीस का रिफंड नहीं मिलेगा। विभाग ने यह भी बताया कि मलेशिया सरकार के निर्देशों के अनुसार, आव्रजन विभाग प्रवेश से जुड़े नियमों और शर्तों में कभी भी बदलाव कर सकता है।

मलेशिया जाने वाले यात्रियों के लिए मेडिकल इंश्योरेंस की सलाह

मलेशियाई आव्रजन विभाग ने भारतीय यात्रियों सहित अन्य गैर-निवासियों को सलाह दी है कि वे अपने पूरे प्रवास के दौरान ट्रैवल मेडिकल इंश्योरेंस जरूर रखें। नोटिस के अनुसार, मलेशिया में इलाज और स्वास्थ्य सेवाओं का खर्च गैर-निवासियों को खुद उठाना होगा। चिकित्सा से जुड़े सभी भुगतान की जिम्मेदारी यात्रियों की होगी।

Puneet Pandey
By Puneet Pandey

Latest Posts