Twisha Sharma Death Case :ट्विशा के पति समर्थ सिंह के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी, पुलिस की टीमें कर रहीं तलाश

भोपाल। ट्विशा शर्मा मौत मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मामले के मुख्य आरोपी और ट्विशा के पति समर्थ सिंह की तलाश लगातार जारी है। पुलिस ने समर्थ सिंह के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी कर दिया है, ताकि वह देश छोड़कर भाग न सके। इसके साथ ही उसके पासपोर्ट को रद्द कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पुलिस की कई टीमें मध्यप्रदेश समेत दूसरे राज्यों में भी उसकी तलाश कर रही हैं।
समर्थ के दोनों मोबाइल फोन बंद
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, समर्थ सिंह को पकड़ने के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। जांच में सामने आया है कि समर्थ सिंह के दो मोबाइल फोन फिलहाल बंद हैं, जिससे उसकी लोकेशन ट्रेस करने में परेशानी हो रही है। इसके बावजूद साइबर सेल और स्थानीय पुलिस लगातार तकनीकी माध्यमों से उसकी तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
12 मई को ससुराल में मिली थी ट्विशा की लाश
पुलिस के मुताबिक, 12 मई की देर रात ट्विशा शर्मा भोपाल के कटारा हिल्स स्थित अपने ससुराल में फांसी के फंदे पर लटकी मिली थीं। घटना के बाद उनके पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने ट्विशा को मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।
पति और सास के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर
ट्विशा की मौत के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए। इसके बाद कटारा हिल्स थाना पुलिस ने 15 मई को समर्थ सिंह और उसकी मां गिरिबाला सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। दोनों पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला कायम किया गया है। हालांकिक मां गिरिबाला सिंह को जमानत मिल गई है। साथ ही दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धाराएं भी लगाई गई हैं। पुलिस अब मामले के हर पहलू की गहन जांच कर रही है।
शादी के कुछ महीनों बाद ही हुई मौत
जानकारी के अनुसार, ट्विशा शर्मा की शादी दिसंबर 2025 में समर्थ सिंह से हुई थी। शादी के कुछ ही महीनों बाद ट्विशा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष का आरोप है कि ट्विशा को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था और दहेज की मांग को लेकर उस पर दबाव बनाया जाता था। परिवार ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या बताया है।
पुलिस जांच पर टिकी सबकी नजर
मामले को लेकर पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं ट्विशा के परिवार ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस मामले ने भोपाल में दहेज और घरेलू प्रताड़ना जैसे गंभीर मुद्दों को फिर से चर्चा में ला दिया है।












