भोपाल: ईको लॉजिकल पार्क सुबह 3 घंटे के लिए खुलेगा, तेंदुए के मूवमेंट के बाद बंद था

भोपाल। पार्क में तेंदुए के मूवमेंट और एक किशोर पर हमले के बाद वन विभाग ने इसे बंद कर दिया था। इसके विरोध में रहवासी 24 नवंबर को आंदोलन करने वाले थे, लेकिन शुक्रवार को अधिकारियों के साथ बैठक के बाद सुबह पार्क खोलने का फैसला लिया गया। सुरक्षा के लिए प्रतिबंधित क्षेत्रों में जाने पर रोक रहेगी और लोगों को समूह में घूमना होगा।
सुबह 7 से 10 बजे तक पार्क में कर सकेंगे सैर
बाग मुगालिया के ईको लॉजिकल पार्क को सुबह की सैर के लिए खोलने पर सहमति बनी है। शुक्रवार सुबह वन विभाग के अधिकारियों ने रहवासियों के साथ बैठक की, जिसमें पार्क को सुबह 7 से 10 बजे तक खोलने का फैसला लिया गया। हालांकि, शाम के समय पार्क में घूमने की अनुमति नहीं होगी और सुरक्षा के लिहाज से कुछ प्रतिबंध जारी रहेंगे।
ये भी पढ़ें: भोपाल के ईको लॉजिकल पार्क में मॉर्निंग-ईवनिंग वॉक पर फिर रोक, तेंदुए के हमले के बाद रहवासियों में नाराजगी
24 नवंबर को आंदोलन करने वाले थे रहवासी
पार्क में घूमने पर लगी रोक के विरोध में रहवासियों ने 24 नवंबर को प्रदर्शन करने की तैयारी की थी। इस आंदोलन को इकोलॉजिकल पार्क चलो, पार्क खुलवाओ नाम दिया गया था। प्रदर्शन से पहले ही शुक्रवार को वन विभाग के अधिकारियों ने रहवासियों से बातचीत की और उनकी मांगों पर सहमति बनाते हुए सुबह पार्क खोलने का फैसला किया।
प्रतिबंधित क्षेत्र में जाने की नहीं मिलेगी अनुमति
वन विभाग की बैठक में तय किया गया कि पार्क में आने वाले लोग प्रतिबंधित क्षेत्रों में नहीं जा सकेंगे। सुरक्षा के लिए लोगों को अकेले घूमने के बजाय समूह में सैर करनी होगी। रहवासियों ने भी इन शर्तों पर सहमति जताई है। बैठक में रेंजर दीपक श्रीवास्तव और डिप्टी रेंजर कुलदीप शर्मा मौजूद रहे।
कॉलोनी समिति के पदाधिकारी भी बैठक में हुए शामिल
बैठक में बाग मुगालिया एक्सटेंशन कॉलोनी समिति के अध्यक्ष उमाशंकर तिवारी के साथ डॉ. बीएमएस परमार, आरके यादव, उदयभान सिंह, मधुर शुक्ला, राजेश राजपूत, हुकुमचंद्र अमकरे और चंद्रभान कावड़कर शामिल हुए।
तेंदुए ने 16 साल के किशोर पर किया था हमला
ईको लॉजिकल पार्क के पीछे बायपास के पास 9 नवंबर को तेंदुए के शावक ने 16 वर्षीय कार्तिकेय पर हमला कर दिया था। किशोर बैरिकेडिंग पार कर जंगल के प्रतिबंधित क्षेत्र में पहुंच गया था, इसी दौरान अचानक उसका सामना तेंदुए से हो गया। घबराकर किशोर वहीं रुक गया, तभी तेंदुए ने उसे गिराकर सीने पर पंजे मार दिए। खुद को बचाने के दौरान उसके हाथ पर भी चोट आई और सीने पर पंजे के चार घाव हुए। उसे इलाज के लिए एम्स ले जाया गया था, जहां से बाद में छुट्टी दे दी गई।
करीब 450 हेक्टेयर में फैला है लहारपुर का क्षेत्र
इस घटना के बाद वन विभाग ने एहतियात के तौर पर पार्क बंद कर दिया था। अधिकारियों के मुताबिक, लहारपुर का पूरा क्षेत्र करीब 450 हेक्टेयर में फैला है, जिसमें से लगभग 25 हेक्टेयर हिस्से में लोग सैर करने आते हैं। इस हिस्से को सुरक्षित रखा गया है और लोगों को जंगल के प्रतिबंधित क्षेत्र में जाने से रोका जाता है। अब तय नियमों के साथ सुबह के समय पार्क में सैर की अनुमति दी जाएगी।




















