कटनी का अतिक्रमण विरोधी मुहिम विवाद: अधिवक्ताओं के प्रदर्शन के विरोध में अब नगर निगम कर्मचारी लामबंद, उठाई सुरक्षा की मांग

कटनी। शहर में अतिक्रमण कार्रवाई को लेकर शुरू हुआ विवाद अब नया मोड़ लेता नजर आ रहा है। अधिवक्ताओं के उग्र प्रदर्शन और कथित अभद्र व्यवहार के विरोध में शुक्रवार को नगर निगम के कर्मचारी भी लामबंद होकर प्रदर्शन करने उतर आए। बीते दिनों हुए घटनाक्रम से आहत निगमकर्मियों ने अपना विरोध दर्ज कराते हुए कर्मचारियों के सम्मान और प्रशासनिक कार्यों के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
निगमकर्मियों ने प्रदर्शन कर दिखाई नाराजगी
जानकारी के अनुसार, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान उपजे विवाद के बाद अधिवक्ताओं द्वारा किए गए प्रदर्शन और कथित अभद्र व्यवहार को लेकर नगर निगम कर्मचारियों में नाराजगी है। कर्मचारियों का कहना है कि वे शासन के निर्देशों के तहत अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे थे, लेकिन इस दौरान जिस तरह का व्यवहार किया गया, उससे कर्मचारियों का मनोबल प्रभावित हुआ है। इसी के विरोध में निगमकर्मियों ने प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जाहिर की।
निगम कर्मचारियों के प्रदर्शन से और बढ़ा तनाव
हालांकि निगम कर्मचारियों का प्रदर्शन फिलहाल संयमित और सीमित दायरे में नजर आ रहा है, लेकिन घटनाक्रम ने शहर में पहले से जारी तनाव को और बढ़ा दिया है। अतिक्रमण कार्रवाई से शुरू हुआ विवाद अब अधिवक्ताओं और नगर निगम कर्मचारियों के बीच आमने-सामने की स्थिति बनाता दिखाई दे रहा है।
कामकाज प्रभावित होने से आमजन की बढ़ी चिंता
गौरतलब है कि बीते दिनों हुए विरोध प्रदर्शनों और कामकाज प्रभावित होने के कारण शहरवासियों को पहले ही परेशानियों का सामना करना पड़ा है। यातायात बाधित होने से लेकर जरूरी प्रशासनिक कार्यों में रुकावट तक का असर आम लोगों पर पड़ा है। अब निगम कर्मचारियों के प्रदर्शन के बाद शहरवासियों की चिंता बढ़ गई है कि आखिर इस विवाद का समाधान कब निकलेगा। फिलहाल सबकी निगाहें जिला प्रशासन और जिम्मेदार अधिकारियों के हस्तक्षेप पर टिकी हैं।
शांतिपूर्ण समाधान निकालने की जरूरत
फिलहाल जरूरत इस बात की है कि दोनों पक्षों की बात सुनकर विवाद का शांतिपूर्ण समाधान निकाला जाए, ताकि आपसी टकराव थमे और शहर की व्यवस्थाएं एवं आमजन से जुड़े जरूरी कामकाज फिर से सुचारू हो सके।निगम आयुक्त तपस्या परिहार निगम कार्यालय पहुंची। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने उन्हें गेट पर रोका। अपनी पीड़ा सुनाई। जिसे आयुक्त ने भी गंभीरता से सुना।
मानवेंद्र सिंह से लिया अतिरिक्त प्रभार
वरिष्ठ अधिवक्ता अशोक जैन के साथ हुई कथित अभद्रता के विरोध में दिनभर चले भारी हंगामे, तालाबंदी और चक्का जाम के बाद आखिरकार नगर निगम प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। नगरपालिक निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने गुरुवार को आदेश जारी कर मानेन्द्र सिंह को अतिक्रमण दस्ता प्रभारी के अतिरिक्त दायित्व से मुक्त कर दिया। आदेश के अनुसार, प्रशासकीय कार्य सुविधा की दृष्टि से निगम के कैमिस्ट मानेन्द्र सिंह से अतिक्रमण प्रभारी का अतिरिक्त प्रभार वापस लिया गया है। आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।




















