AI अब AI नहीं! ट्रंप ने बदल दिया नाम, अब ‘SI’ के नाम से होगी पहचान, मेटा के CEO की मौजूदगी में हुआ ऐलान

वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने AI को लेकर अपनी सरकार की शब्दावली में बड़ा बदलाव किया है। 29 सितंबर को उन्होंने संघीय सरकार के इस्तेमाल के लिए Artificial Intelligence की जगह Super Intelligence और SI शब्द अपनाने वाले कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए। ट्रंप ने कहा कि ‘Artificial’ शब्द इस तकनीक को सही तरीके से नहीं बताता। उनके मुताबिक यह तकनीक बेहद शक्तिशाली है और आने वाले समय में इसका असर बहुत बड़ा हो सकता है। यह घोषणा अमेरिका.gov की शुरुआत के मौके पर हुई, जहां ट्रंप ने सरकारी सेवाओं में नई तकनीक के इस्तेमाल की भी बात की।
AI नहीं, अब SI नाम से होगा सरकारी इस्तेमाल
नए आदेश के तहत अमेरिकी कार्यकारी शाखा को जहां कानून इसकी अनुमति देता है, वहां आधिकारिक दस्तावेजों और संचार में Artificial Intelligence और AI की जगह Super Intelligence और SI शब्द इस्तेमाल करने को कहा गया है। यानी यह बदलाव मुख्य रूप से अमेरिकी सरकार की आधिकारिक भाषा से जुड़ा है। इससे दुनिया भर में इस्तेमाल होने वाला AI शब्द वैज्ञानिक या तकनीकी स्तर पर खत्म नहीं हो जाता।
‘आप हमारे साथ रहें, बाकी विकल्प छोड़ दें’, जयशंकर ने सुनाया अमेरिका का पुराना नजरिया
ट्रंप ने क्यों बदला AI का नाम?
ट्रंप ने कहा कि Artificial शब्द से तकनीक कुछ नकली जैसी लगती है, जबकि उनके अनुसार यह तकनीक बेहद प्रभावशाली है। उन्होंने Super Intelligence को ज्यादा सही और सकारात्मक नाम बताया। संयुक्त राष्ट्र में अपने भाषण के दौरान भी ट्रंप ने कहा था कि अमेरिकी सरकारी दस्तावेजों में आगे इस तकनीक को Super Intelligence कहा जाएगा।
मस्क और टेक दिग्गजों की मौजूदगी में AI पर चर्चा
व्हाइट हाउस में ट्रंप ने टेक और AI कंपनियों के प्रमुखों के साथ बैठक भी की। इसमें एलन मस्क, मार्क जुकरबर्ग समेत कई बड़े टेक अधिकारी शामिल हुए। बैठक में AI के विकास, सुरक्षा और कंपनियों की जिम्मेदारी पर चर्चा हुई। इसी दौरान टेक कंपनियों ने AI के सुरक्षित इस्तेमाल और निगरानी को लेकर एक स्वैच्छिक समझौते पर भी सहमति जताई।
‘SI’ शब्द का तकनीकी मतलब क्या है?
यहां एक जरूरी अंतर समझना भी जरूरी है। AI और Superintelligence तकनीकी दुनिया में एक ही अर्थ नहीं रखते। Superintelligence का इस्तेमाल आम तौर पर ऐसी संभावित मशीन बुद्धिमत्ता के लिए किया जाता है जो इंसानों की सोचने और समस्या हल करने की क्षमता से बहुत आगे निकल जाए। ट्रंप प्रशासन का नया इस्तेमाल इससे अलग, सरकारी शब्दावली के बदलाव के तौर पर सामने आया है।
इंटरनेट से भी बड़ी तकनीक बताया
ट्रंप ने Super Intelligence को लेकर कहा कि इसका असर इंटरनेट और औद्योगिक क्रांति से भी बड़ा हो सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका को इस तकनीक के विकास को रोकना नहीं चाहिए। उनका प्रशासन AI क्षेत्र में अमेरिकी बढ़त बनाए रखने पर जोर देता रहा है।
Waterless Geothermal Energy: न्यू मैक्सिको में खोदा जाएगा गहरा कुआं, बिना पानी के बनेगी बिजली
बदलाव का असर कहां दिखेगा?
इस फैसले का तत्काल असर अमेरिकी संघीय सरकार की भाषा और आधिकारिक संचार पर पड़ेगा। इसका मतलब यह नहीं है कि दुनिया की टेक कंपनियां, वैज्ञानिक संस्थान या आम लोग अब AI शब्द का इस्तेमाल बंद कर देंगे। मौजूदा तकनीक, उसके शोध और सामान्य इस्तेमाल में AI शब्द पहले की तरह मौजूद रहेगा। अमेरिका की सरकारी शब्दावली में अब SI को बढ़ावा दिया जाएगा।




















